दुनिया में कोरोना वायरस पैंडेमिक अब तीसरे साल में पहुंच गई है। एक्सपर्ट्स बार-बार चेतावनी दे रहे हैं कि इसके नए-नए वैरिएंट्स लंबे समय तक इस महामारी का कहर बरपाते रहेंगे। ऐसे में इसके साथ ही जीने का लाइफ स्टाइल अपनाना होगा। ब्रिटेन ने अब इसी की तैयारी शुरू कर दी है।
कोरोना संक्रमितों की संख्या के हिसाब से दुनिया में चौथे नंबर पर चल रहे ब्रिटेन ने गुरुवार से अपने यहां वर्क फ्रॉम होम को खत्म कर दिया है, यानी अब सभी को ऑफिस आकर ही काम करना होगा। यहां गुरुवार को कोरोना के 1,07,364 नए केस आए और 330 लोगों की मौत हुई, इसके बावजूद ब्रिटेन ने यह फैसला लिया है। इतना ही नहीं 27 जनवरी से आउटडोर में मास्क पहनना भी कम्पलसरी नहीं रहेगा।
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जाॅनसन ने कहा है कि देश की 72% आबादी को कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज, जबकि 55% को बूस्टर डोज लग चुकी है। ऐसे में ब्रिटेन की 95%आबादी को संक्रमण अथवा वैक्सीन के प्रभाव के कारण एंटीबॉडी की सुरक्षा मिल चुकी है।
ऐसे कोविड प्रतिबंध हटाएगा ब्रिटेन
- गुरुवार से ही स्कूलों में स्टूडेंट्स के लिए मास्क लगाने की अनिवार्यता खत्म हो गई है।
- 27 जनवरी से किसी भी आउटडोर जगह पर मास्क लगाना जरूरी नहीं होगा।
- 27 जनवरी से ही कोविड पास की जरूरत भी खत्म कर दी जाएगी।
- 27 जनवरी से अस्पताल में भर्ती मरीजों के परिजन उनके पास विजिट कर पाएंगे।
- दोनों डोज ले चुके लोगों को ब्रिटेन लौटने पर निगेटिव RT-PCR रिपोर्ट की जरूरत नहीं होगी।
- 24 मार्च से सेल्फ आइसोलेशन की अनिवार्यता को भी खत्म कर दिया जाएगा।
- फिलहाल कोरोना संक्रमित की सेल्फ आइसोलेशन अवधि भी 7 दिन से घटाकर 5 दिन कर दी है।
ब्रिटेन में वर्क फ्रॉम होम खत्म होने के पहले ही दिन गुरुवार को लोगों की आवाजाही पिछले हफ्ते की तुलना में 10 फीसदी बढ़कर 75 फीसदी हो गई। ट्रैफिक कंजेक्शन साइट टॉमटॉम के अनुसार, मेट्रो में लोगों की आवाजाही में 10 फीसदी से अधिक और बसों में 5 फीसदी से अधिक का इजाफा हुआ।
बाकी देशों में क्या है हालात
अमेरिका: यहां रोजाना 2 हजार से ज्यादा मौतें हो रही हैं। सरकार की ओर से मुफ्त कोविड टेस्ट के लिए वेबसाइट लॉन्च की गई है। हर नागरिक फिलहाल 4 मुफ्त टेस्ट के लिए रजिस्टर कर सकते हैं। वहीं, बाइडेन सरकार 40 करोड़ N95 मास्क बांटने जा रही है। ये N95 मास्क हेल्थ सेंटर्स और फार्मेसी के जरिए डिस्ट्रीब्यूट किए जाएंगे।
चीन: चीन में 4 फरवरी से शुरु होने वाले विंटर ओलिंपिक को देखते हुए कड़ी पाबंदियां लागू की जा रही हैं। यहां के बड़ी आबादी वाले शहरों में बहुत कम केस मिलने के बावजूद लॉकडाउन लगाया जा रहा है। बीते दिन यहां के तियानजिन और आन्यांग शहर में लॉकडाउन लगा दिया गया।
फ्रांस: फ्रांस के PM ने गुरुवार को कहा कि फरवरी से कोविड नियमों में ढील दी जाएगी । यहां अगले महीने नाइट क्लब्स खोलने की भी अनुमति दी जाएगी। स्पोर्ट्स और एंटरटेनमेंट की जगहों को 2 फरवरी से खोला जाएगा। वहीं, सिनेमा हाल और बार को 16 फरवरी से शुरु किया जा सकता है। वैक्सीन पास में रियायतें बढ़ाई गईं हैं। फिलहाल कोरोना के कारण अस्पतालों में भर्ती होने वाले मरीजों की संख्या में इजाफा नहीं हो रहा है।
स्पेन: प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने कहा है कि कोरोना के मामलों को अब इमरजेंसी नहीं बल्कि सामान्य बीमारी के तौर पर देखा जाएगा। स्पेन में बुधवार को 1,57,941 नए केस आए। प्रतिबंधों में अगले सप्ताह से ढील के आसार हैं।
पुर्तगाल: राष्ट्रपति रिबेलो सुसा का कहना है कि कोरोना महामारी अब उनके देश में खात्मे की ओर है। यहां की 90 फीसदी आबादी को वैक्सीन की दोनों डोज लग चुकी है। अस्पताल में भर्ती मरीजों की संख्या स्थिर है। यहां बुधवार को 50 हजार नए मरीज सामने आए।
थाईलैंड: पर्यटकों के लिए क्वारैंटाइन फ्री वीजा स्कीम को दोबारा शुरू करने का निर्णय किया है। अब थाईलैंड में आने पर डबल डोज लगवा चुके यात्रियों को 7 दिन क्वारैंटाइन नहीं होना पड़ेगा। नए नियम एक फरवरी से लागू होंगे।