भारत Vs साउथ अफ्रीका दूसरा वनडे

भारत Vs साउथ अफ्रीका दूसरा वनडे

साउथ अफ्रीका ने भारत के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में 288 रन के टारगेट का पीछा करते हुए 14 ओवर में बिना विकेट खोए 90 रन बना लिए हैं। यानेमन मलान और क्विंटन डिकॉ़क क्रीज पर हैं। ऋषभ पंत ने 8वें ओवर में रविचंद्रन अश्विन की गेंद पर क्विंटन डिकॉक को स्टंप आउट करने का मौका गंवा दिया। वे गेंद को कलेक्ट ही नहीं कर पाए। इसके बाद डिकॉक ने वनडे करियर की 23वीं हाफ सेंचुरी पूरी कर ली है।

भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 6 विकेट खोकर 287 रन बनाए। ऋषभ पंत ने सबसे ज्यादा 85 और कप्तान केएल राहुल ने 55 रन बनाए। शार्दूल ठाकुर ने नाबाद 40 रन बनाए। साउथ अफ्रीका की ओर से तबरेज शम्सी ने सबसे ज्यादा दो विकेट लिए। सिसांदा मलागा, मार्करम, केशव महाराज और एंडिले फेलुकवायो ने 1-1 विकेट लिया।

टीम इंडिया ने पहले दो विकेट 64 के स्कोर पर गंवा दिए थे। उसके बाद नंबर 4 पर ऋषभ पंत बैटिंग के लिए आए। पंत ने मैदान पर आने के साथ ही आक्रामक अंदाज में खेल दिखाया। उन्होंने 43 गेंदों पर अपनी फिफ्टी पूरी की। ऋषभ मैदान के चारों ओर बड़े शॉट्स लगा रहे थे और उनकी बल्लेबाजी को देखकर ऐसा लग रहा था कि वह अपना शतक पूरा करने में सफल होंगे। हालांकि ऐसा न हो सका और वह 85 रन बनाकर तबरेज शम्सी की गेंद पर आउट हुए। ऋषभ के वनडे करियर की ये सबसे बढ़िया पारी रही।दूसरे मैच में विराट कोहली बिना खाता खोले ही आउट हो गए। उनका विकेट केशव महाराज के खाते में आया। 50 ओवर फॉर्मेट में पहली बार किसी स्पिन गेंदबाज ने कोहली को शून्य पर आउट किया। साथ ही विराट 2019 के बाद पहली बार वनडे क्रिकेट में 0 पर आउट हुए। कोहली से पहले शिखर धवन 29 रन बनाकर एडेन मार्करम की गेंद पर आउट हुए थे।

कोहली का 450वां मैच
पूर्व कप्तान विराट कोहली अपना 450वां इंटरनेशनल मैच खेल रहे हैं। साल 2008 में श्रीलंका के खिलाफ अपने करियर का आगाज करने वाले कोहली टीम इंडिया के लिए सभी फॉर्मेट में 450 मैच खेलने वाले चौथे खिलाड़ी हैं। विराट से पहले सचिन तेंदुलकर (664), एमएस धोनी (535) और राहुल द्रविड़ (505) के नाम आते हैं।

टीम इंडिया के लिए ये मुकाबला करो या मरो वाला है। दूसरे मुकाबले को राहुल एंड कंपनी हर हाल में जीतना चाहेगी। मैच में भारतीय बल्लेबाजों के अलावा कप्तान केएल राहुल के दांवपेंच पर भी फैंस की नजरें बनी रहेंगी।

टेस्ट टीम की कप्तानी के दावेदारों में से एक राहुल पहले वनडे में कप्तान के रूप में फ्लॉप रहे थे। मौजूदा सीरीज में उनके लिए काफी कुछ दांव पर लगा हुआ है। राहुल के अलावा अन्य भारतीय बल्लेबाजों ने भी पहले मुकाबले में बहुत निराशाजनक प्रदर्शन किया था।

वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया को जीत का फेवरेट माना जा रहा था, लेकिन पहले मुकाबले के दौरान पूरी टीम बिखरी नजर आई। गेंदबाजी में उपकप्तान जसप्रीत बुमराह को छोड़कर कोई भी बॉलर बढ़िया लय में नहीं दिखाई पड़ा। पहले मैच में एक समय अफ्रीकी टीम ने 68 पर 3 विकेट गंवा दिए थे, लेकिन उसके बाद भारतीय गेंदबाज दबाव बनाने में नाकाम रहे और मेजबान टीम ने लगभग 300 का स्कोर बोर्ड पर लगा दिया।

टीम इंडिया को अगर दूसरे वनडे से सीरीज में वापसी करनी है, तो गेंदबाजी में सुधार करना होगा। साथ ही मिडिल ऑर्डर के बल्लेबाजों को भी जिम्मेदारी को समझते हुए खेल दिखाना होगा। पहले मैच में शिखर धवन (79) और पूर्व कप्तान विराट कोहली (51) को छोड़कर कैप्टन केएल राहुल (12), श्रेयस अय्यर (17), ऋषभ पंत (16) और डेब्यूटेंट वेंकटेश अय्यर (2) रन बनाकर आउट हुए थे।

पहले मुकाबले में दोनों टीमों के बीच स्पिनरों ने भी काफी अंतर पैदा किया। अश्विन और चहल ने 20 ओवर में 106 रन खर्च किए और एक विकेट लिया। अफ्रीका की तरफ से एडेन मार्करम, तबरेज शम्सी और केशव महाराज ने 26 ओवर किए और 126 रन दिए देकर चार विकेट लिए। भारतीय स्पिनरों को अगले मैच में बेहतर प्रदर्शन करने की जरूरत है।

दोनों टीमें-
IND
: केएल राहुल (कप्तान), शिखर धवन, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), वेंकटेश अय्यर, शार्दूल ठाकुर, रविचंद्रन अश्विन, भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह, युजवेंद्र चहल।

SA: क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), यानेमन मालन, एडेन मार्करम, रैसी वान डेर डूसेन, तेंबा बाउमा (कप्तान), डेविड मिलर, एंडिले फेहलुकवायो, सिसंडा मगाला, केशव महाराज, तबरेज शम्सी, लुंगी एनगिडी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *