शेयर बाजार में हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन में भी भारी गिरावट रही। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 427 पॉइंट्स (0.72%) गिर कर 59,037 और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 140 अंक (0.79%) गिरकर 17,617 पर बंद हुआ। हालांकि सुबह के सत्र में सेंसेक्स 700 अंकों से ज्यादा टूट गया था।
शेयर बाजार में लगातार चौथे दिन गिरावट रही। इन चार दिनों में लिस्टेड कंपनियों के मार्केट कैप में 9 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा की कमी आई। सोमवार को यह 280 लाख करोड़ रुपए था, जो आज सुबह 270.09 लाख करोड़ रुपए रह गया। इस दौरान IT कंपनियों के शेयर्स की जमकर पिटाई हुई है।
- जोमैटो का शेयर 9% टूटकर एक साल के निचले स्तर पर
- चार दिनों में यह 17% टूटा, मार्केट कैप 89,000 करोड़
- आज लिस्टिंग प्राइस 115 रुपए से नीचे 112 पर पहुंचा
- टेक महिंद्रा का स्टॉक आज 4.61% टूटा
आज बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 425 अंक नीचे 59,039 पर खुला था और खुलते ही यह पहले मिनट में 600 पॉइंट्स तक गिर गया। इसने दिन में 58,620 का निचला और 59,329 का ऊपरी स्तर बनाया। इसके 30 स्टॉक में से 21 गिरावट में और 9 केवल बढ़त में रहे।बढ़ने वाले शेयर्स में पावरग्रिड, मारुति, एशियन पेंट्स, कोटक बैंक, नेस्ले और हिंदुस्तान यूनिलीवर रहे। गिरने वाले प्रमुख शेयर्स में बजाज फिनसर्व 5% से ज्यादा टूटा है। कल यह 4.5% गिरा था। यानी दो दिनों में इसमें 9% की गिरावट आई है। इसके साथ ही डॉ. रेड्डी, इंफोसिस, इंडसइंड बैंक, एक्सिस बैंक, बजाज फाइनेंस, सनफार्मा, अल्ट्राटेक, एसबीआई, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाइटन और विप्रो के शेयर गिरकर बंद हुए।
उधर, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 140 पॉइंट्स गिरकर 17,617 पर बंद हुआ। यह आज 17,613 पर खुला था और 17,485 का निचला तथा 17,707 का ऊपरी स्तर बनाया। इसके नेक्स्ट 50, मिडकैप, फाइनेंशियल और बैंकिंग इंडेक्स में भारी गिरावट रही। मिडकैप इंडेक्स ढाई पर्सेंट टूटा है।निफ्टी के 50 शेयर्स में से 35 नीचे और 15 ऊपर बंद हुए। बढ़ने वाले शेयर्स में बजाज ऑटो, मारुति, हीरो मोटोकॉर्प, यूनिलीवर और पावरग्रिड हैं। गिरने वाले प्रमुख स्टॉक में टेक महिंद्रा, बजाज फिनसर्व, कोल इंडिया, डिवीज लैब रहे। मंगलवार से लेकर अब तक के चार दिनों में सेंसेक्स में 2,200 से ज्यादा अंकों की गिरावट आई है।
मंगलवार को 554 अंक बाजार गिरा तो बुधवार को 656 और गुरुवार को 634 पॉइंट्स गिरकर बंद हुआ। IT कंपनियों के शेयर्स की जमकर पिटाई हो रही है। इनके स्टॉक 4 दिनों में 7% तक टूट गए हैं। एचसीएल टेक 7%, इंफोसिस 6%, विप्रो 5% और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेस का शेयर 5% गिर चुका है। इसी दौरान निफ्टी का IT इंडेक्स 6%, एफएमसीजी 4% और फार्मा इंडेक्स 3% तक गिरे हैं। इस गिरावट से बाजार 20 दिन के निचले स्तर पर पहुंच गया है।
इससे पहले गुरुवार को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 634 पॉइंट्स गिर कर 59,464 और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 181 अंक नीचे 17,757 पर बंद हुआ।