बिलासपुर में कोरोना से चार दिन की राहत के बाद शनिवार को फिर से संक्रमण का खतरा बढ़ गया है। 24 घंटे में 315 कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इसके साथ ही एक मरीज की मौत भी हुई है। इधर, NTPC कालोनी के साथ ही अब रेलवे कॉलोनी और अस्पतालों में लगातार संक्रमित मिलने के बाद कम्यूनिटी स्प्रेड की स्थिति बन गई है। वहीं शहर में अब तक शहर में ओमिक्रॉन के चार संक्रमित मिले हैं। हालांकि, संक्रमित मरीज स्वस्थ्य है। फिर भी ओमिक्रॉन के संक्रमण का खतरा बना हुआ है।
कोरोना वायरस के संक्रमण से बीते 16 जनवरी से राहत मिली थी और 400 से ऊपर का आंकड़ा 271 पर आ गया था। इसके बाद से 17, 18 और 19 जनवरी तक संक्रमितों का आंकड़ा 300 के नीचे आ गया था। शुक्रवार से कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या फिर से बढ़ गई और एक ही दिन में 313 नए केस मिले। वहीं, शनिवार को भी आंकड़ा 300 के ऊपर पहुंच गया है। वहीं सिरगिट्टी निवासी 46 साल के राजेंद्र कुमार टंडन की मौत हो गई। उन्हें तबीयत बिगड़ने पर 17 जनवरी को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। अब मरने वालों की संख्या 1577 पहुंच गई है।
CIMS में लगातार कोरोना के नए केस मिल रहे हैं। शनिवार को चार नए मरीजों की पहचान की गई। अब तक 25 से ज्यादा संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। CIMS के ब्वायज व गर्ल्स हॉस्टल में भी स्टूडेंट कोरोना संक्रमण के शिकार हो रहे हैं। इसके अलावा अपोलो अस्पताल में शनिवार को दो नए कोरोना मरीजों की पहचान की गई है। इसी तरह कृष्णा अस्पताल के साथ ही अन्य निजी अस्पताल में भी स्टाफ संक्रमण की चपेट में आ रहे हैं।
रेलवे ऑफिसर्स कालोनी के साथ ही रेलवे परिक्षेत्र में लगातार नए संक्रमितों की पहचान की जा रही है। शनिवार को एक ही दिन में 10 नए कोरोना मरीज मिले हैं। रेलवे परिक्षेत्र में संक्रमण का असर अब तोरवा इलाके में भी देखने को मिल रहा है और यहां भी संक्रमित मरीज मिलने लगे हैं।तखतपुर में एक ही दिन में 12 कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इनमें अस्पताल के दो स्टॉफ भी शामिल हैं। यहां बच्चे भी संक्रमण की चपेट में आ रहे हैं। लगातार मिल रहे कोरोना मरीजों के बाद यहां कम्यूनिटी स्प्रेड की स्थिति बन गई है। यहां नए मरीजों के संपर्क में आने वालों की जांच कराई जाएगीँशहर में सबसे ज्यादा 271 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें 155 पुरुष और 116 महिला मरीज हैं। ग्रामीण क्षेत्र में 44 केस मिले हैं। जिसमें बिल्हा में 7, कोटा 8, तखतपुर 28 और मस्तूरी में एक मरीज मिले हैं। शहर के रेलवे कॉलोनी, रामा ग्रीन सिटी सरकंडा, रिंग रोड, सीएमडी चौक, विद्या नगर, NTPC, चांटीडीह, सकरी, अंबा अपार्टमेंट तिफरा, खमतराई, यमुना नगर, अशोक नगर सरकंडा, लोयला स्कूल लिंगीयाडीह, शुभम विहार, सिरगिट्टी, नेचर सिटी, वैशाली नगर, 27 खोली, प्रियदर्शनी नगर, उसलापुर, हेमू नगर, व्यापार विहार, वेद परसदा, गंगा नगर के साथ ही पुलिस, स्वास्थ्य विभाग सहित शहर के 46 इलाकों में संक्रमित मिले हैं।