टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज को पहले वनडे मैच में 6 विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज की टीम 43.5 ओवर में 176 रन पर ऑल आउट हो गई। युजवेंद्र चहल ने चार और वॉशिंगटन सुंदर ने तीन विकेट लिए।जवाब में भारत ने 28 ओवर में 4 विकेट खोकर टारगेट हासिल कर लिया। कप्तान रोहित शर्मा ने सबसे ज्यादा 60 रन बनाए। सूर्यकुमार यादव 34 और अपना पहला इंटरनेशनल मैच खेल रहे दीपक हुड्डा 26 रन बनाकर नाबाद रहे। ईशान किशन ने 28 रन की पारी खेली। विराट कोहली फिर फ्लॉप रहे और 8 रन ही बना सके। ऋषभ पंत ने 11 रन बनाए। यह साल 2022 में इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत की पहली जीत है। इससे पहले भारत को साउथ अफ्रीका में इस साल दो टेस्ट और तीन वनडे मैचों में हार झेलनी पड़ी थी।
साधारण टारगेट का पीछा करते हुए भारत ने एक समय बिना विकेट खोए 84 रन बना लिए थे। लेकिन, अगले 32 रन बनाने में चार विकेट गिर गए। इसके बाद सूर्यकुमार और दीपक ने पांचवें विकेट के लिए 62 रनों की नाबाद साझेदारी कर भारत को जीत दिलाई।टॉस हारकर पहले बॉलिंग करने का फैसला भारत के लिए सही रहा। वेस्टइंडीज ने 71 के स्कोर पर अपने 5 विकेट गंवा दिए। शाई होप 8 रन बनाकर मोहम्मद सिराज की गेंद पर बोल्ड हुए। इसके बाद वॉशिंगटन सुंदर ने एक ही ओवर में ब्रैंडन किंग (13) को आउट किया और चार गेंदों के बाद डैरेन ब्रावो (18) को DRS पर LBW आउट किया।
पारी के 20वें ओवर में युजवेंद्र चहल ने लगातार दो गेंदों पर 2 विकेट चटकाए। पहले उन्होंने निकोलस पूरन (18) को DRS पर LBW आउट किया और अगली ही गेंद पर कप्तान कीरोन पोलार्ड (0) को बोल्ड कर दिया। पूरन को आउट करने के साथ ही चहल ने वनडे में अपने 100 विकेट भी पूरे कर लिए।
चहल ने अपने अगले ओवर में शमर ब्रूक्स (12) को आउट किया। ये सफलता भी भारत को DRS पर मिली। दरअसल, अंपायर के नॉटआउट दिए जाने के बाद कप्तान रोहित ने कुछ देर साथी खिलाड़ियों से डिस्कस करने के बाद रिव्यू लिया। रीप्ले में नजर आया कि गेंद बल्ले पर लग कर कीपर के पास गई थी। भारतीय टीम के लिए यह तीसरा रिव्यू था और तीनों में उन्हें सफलता मिली है। अकील होसेन (0) का विकेट प्रसिद्ध कृष्णा के खाते में आया।एक समय वेस्टइंडीज का स्कोर 79/7 था और ऐसा लग रहा था कि शायद ही टीम 100 रन भी बना पाए, लेकिन 8वें विकेट के लिए जेसन होल्डर और फैबियन एलन ने 91 गेंदों पर 78 रन जोड़कर पारी को संभाल लिया। इस पार्टनरशिप को सुंदर ने एलन (29) को आउट कर तोड़ा। इसके बाद जेसन होल्डर (57) भी पारी को आगे नहीं बढ़ा सके और प्रसिद्ध कृष्णा की गेंद पर आउट हुए।
दोनों टीमें –
भारत- रोहित शर्मा (कप्तान), ईशान किशन, विराट कोहली, ऋषभ पंत, सूर्यकुमार यादव, दीपक हुड्डा, वॉशिंगटन सुंदर, शार्दूल ठाकुर, युजवेंद्र चहल, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज
वेस्टइंडीज- ब्रैंडन किंग, शाई होप, शमर ब्रूक्स, डैरेन ब्रावो, निकोलस पूरन, कीरोन पोलार्ड , जेसन होल्डर, फैबियन एलन, अल्जारी जोसेफ, केमार रोच, अकील होसेन