अमेरिका की उपराष्ट्रपति कमला हैरिस के पति डगलस एम्हॉफ को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद उनकी सिक्योरिटी ने रेस्क्यू कर लिया है। डगलस मंगलवार को वॉशिंगटन डीसी के डनबर हाईस्कूल में पहुंचे थे, जहां उन्हें एफ्रो-अमरेकियों से जुड़े ब्लैक हिस्ट्री मंथ के जश्न में शामिल होना था। यह प्रोग्राम अमेरिकी इतिहास में अफ्रीकन्स की उपलब्धियों और संघर्षों के सम्मान में आयोजित किया गया था।अमेरिकी उपराष्ट्रपति के पति का ऑफिशियल टाइटल सेकंड जेंटलमैन का होता है यानी देश का दूसरे नंबर का नागरिक। उनके स्कूल में पहुंचने के बाद स्कूल की इमारत में बम होने की सूचना मिली। इसके बाद उनकी सिक्योरिटी ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया। प्रोग्राम में मौजूद अन्य लोगों को भी तत्काल बिल्डिंग खाली करने को कह दिया गया।
वाशिंगटन पब्लिक स्कूल्स की स्पॉक्सपर्सन एनरिक गुटिरेज ने बताया कि स्कूल में बम होने की धमकी मिली। सभी लोगों की जान को खतरा था। इस कारण सभी को बाहर निकालने के लिए सावधानी बरती गई। छात्र, टीचर्स हर कोई सुरक्षित है और इमारत को भी चेक कर लिया गया है। इस मामले में स्कूल की ओर से ज्यादा जानकारी साझा नहीं की गई है।एम्हॉफ की प्रवक्ता केटी पीटर्स ने जानकारी दी है कि सेकेंड जेंटलमैन एम्हॉफ सुरक्षित हैं। उन्होंने ट्वीट कर बताया कि सीक्रेट सर्विस को एक स्कूल में सुरक्षा को लेकर अलर्ट किया गया था, जहां एम्हॉफ छात्रों और फैकल्टी के साथ मौजूद थे। तभी सीक्रेट सर्विस के एजेंटों ने मौके पर पहुंच कर एम्हॉफ को स्कूल की इमारत से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पीटर्स ने आगे बताया कि एम्हॉफ सुरक्षित हैं और स्कूल को खाली करा लिया गया है। हम सीक्रेट सर्विस और डीसी पुलिस के आभारी हैं।
बता दें कि कमला हैरिस अमेरिका की उप-राष्ट्रपति हैं। वह इस पद पर पहली अश्वेत महिला और एशियाई अमेरिकी भी हैं। उनके पति एम्हॉफ, पेशे से एक वकील हैं। वह व्हाइट हाउस के एजेंडे को बढ़ावा देने के लिए अक्सर अकेले या हैरिस के साथ यात्रा करते हैं।