IPL मेगा ऑक्शन का आयोजन 12 और 13 फरवरी को बेंगलुरु में होने वाला है। कई खिलाड़ी इस नीलामी में मालामाल होने वाले हैं। इस बार 590 प्लेयर्स पर बोली लगेगी, जिसमें 355 अनकैप्ड प्लेयर्स और 228 कैप्ड प्लेयर्स शामिल होंगे। दो दिन तक चलने वाले इस मेगा ऑक्शन में 10 टीमें हिस्सा लेंगी। वहीं, 7 एसोसिएट देश के खिलाड़ी भी ऑक्शन का हिस्सा होंगे। ऐसे में आइए जानते हैं अब तक के IPL इतिहास में सबसे ज्यादा महंगे बिकने वाले टॉप-5 खिलाड़ी कौन-कौन हैं?
गौतम गंभीर-
2011 के IPL ऑक्शन में पूर्व भारतीय ओपनर गौतम गंभीर को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने 14.9 करोड़ रुपए में खरीदा था। गंभीर उस सीजन के ऑक्शन में सोल्ड होने वाले सबसे मंहगे खिलाड़ी बने थे। KKR के लिए गंभीर का ये पहला सीजन था। इस सीजन में उन्होंने 15 IPL मैचों में 119.24 के स्ट्राइक रेट और 34.36 की औसत के साथ कुल 378 रन बनाए थे। 15 पारियों में उनके बल्ले से 2 फिफ्टी देखने को मिली थीं। उनकी कप्तानी में कोलकाता ने 2011 के टूर्नामेंट में प्लेऑफ तक का सफर तय किया था।
गंभीर ने कोलकाता को इसके बाद 2012 और 2014 सीजन में IPL चैंपियन भी बनाया था। गंभीर IPL-2022 के सीजन में लखनऊ सुपर जायंट्स के मेंटर की भूमिका में नजर आएंगे।
काइल जैमिसन-
2021 के IPL ऑक्शन में न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज काइल जैमिसन को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने 15 करोड़ रुपए में खरीदा था। 15 करोड़ी जैमिसन को टूर्नामेंट में 9 मैच खेलने का ही मौका मिला और वह 29.89 के साथ 9 ही विकेट ले सके। इस दौरान उनका इकोनॉमी 9.61 का रहा। ये सभी मुकाबले जैमिसन ने भारत में खेले गए IPL के फेज-1 में खेले थे। यूएई में खेले गए फेज-2 में उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिल सका था। इस बार RCB ने उन्हें रिलीज कर दिया है और उम्मीद है कि मेगा ऑक्शन के दौरान उनके ऊपर फिर से बड़ी बोली देखने को मिलेगी।
जैमिसन को 2022 सीजन के लिए बेंगलुरु ने रिलीज कर दिया है। न्यूजीलैंड का ये तेज गेंदबाज इस साल ऑक्शन में भी हिस्सा नहीं ले रहा है। जैमिसन ने टेस्ट क्रिकेट में ध्यान देने के लिए ये फैसला लिया है।
पैट कमिंस-
ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट कैप्टन पैट कमिंस IPL के महंगे खिलाड़ियों में से एक हैं। पिछले साल IPL-13 के ऑक्शन में तेज गेंदबाज कमिंस को KKR ने 15.50 करोड़ रुपए की मोटी कीमत देकर खरीदा था। हालांकि वह इस टूर्नामेंट में कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके थे। सीजन के 14 मैचों में उनके खाते में केवल 12 विकेट देखने को मिले थे।
हालांकि IPL 2021 के सस्पेंड होने से पहले पैट बहुत ही बढ़िया फॉर्म में नजर आए थे। उन्होंने गेंद के साथ-साथ बल्ले से भी अपने प्रदर्शन से सभी को खासा प्रभावित किया था। टूर्नामेंट के सस्पेंड होने से पहले 7 मैचों में उन्होंने बल्ले से 166 के स्ट्राइक रेट के साथ 93 रन बनाए थे, जबकि गेंद के साथ 9 विकेट लेने में सफल रहे थे।
इस बार आईपीएल के मेगा ऑक्शन में कमिंस 2 करोड़ रुपए के बेस प्राइस के साथ हिस्सा ले रहे हैं।
युवराज सिंह-
सिक्सर किंग के नाम से मशहूर युवराज सिंह को दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स) ने 2015 सीजन के लिए सबसे ज्यादा 16 करोड़ रुपए की बोली लगाकर खरीदा था। युवी सीजन में कुछ खास नहीं कर सके थे। उन्होंने 14 मैच में महज 248 रन बनाए और एक विकेट लिया था। युवराज भले ही अपने नाम के अनुरूप प्रदर्शन न कर सके हों, लेकिन IPL ऑक्शन में सबसे मंहगे बिके खिलाड़ियों में युवराज का नाम भारतीय प्लेयर्स की लिस्ट में पहले और ओवरऑल दूसरे स्थान पर आता है।
युवराज ने 10 जून 2019 को क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास ले लिया था। इस कारण वह इस बार भी IPL में नहीं दिखाई देंगे।
क्रिस मॉरिस-
IPL में सबसे मंहगे बिके खिलाड़ियों में पहले पायदान पर साउथ अफ्रीका के ऑलराउंडर क्रिस मॉरिस का नाम आता है। 2021 सीजन के लिए राजस्थान रॉयल्स ने सभी को चौंकाते हुए 16.25 करोड़ रुपए में खरीदा था। टूर्नामेंट के फेज-1 में उन्होंने अपने प्रदर्शन से आलोचकों का मुंह भी बंद किया। फेज-1 में उन्होंने 7 मैचों में 14 विकेट चटकाए थे। हालांकि फेज-2 के दौरान उनके प्रदर्शन में गिरावट देखने को मिली। इन 4 मुकाबलों में वह केवल एक ही विकेट हासिल कर सके। इस बार राजस्थान ने उन्हें रिलीज कर दिया है।
क्रिस मॉरिस भी इस बार ऑक्शन का हिस्सा नहीं हैं। मॉरिस ने हाल ही में क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से अलविदा कह दिया है।