छत्तीसगढ़ के बस्तर में इन दिनों कोरोना पॉजिटिव मरीजों के आंकड़े कम आ रहे हैं। लेकिन, मौतों का सिलसिला लगातार जारी है। शुक्रवार की देर शाम तक बस्तर में कोरोना से कुल 3 मौतें हुई हैं। एक बुजुर्ग ने मेकाज (मेडिकल कॉलेज जगदलपुर) में दम तोड़ा है। संभाग के कांकेर और बीजापुर में भी 1-1 कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत हुई है। सभी मृतकों का कोरोना के नियमों का पालन करते हुए अंतिम संस्कार भी कर दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, बस्तर जिले के बड़ेमुरमा के तोंडापाल के रहने वाले बुजुर्ग ने दम तोड़ा है। बुजुर्ग की अचानक तबीयत बिगड़ी थी। जिसे परिजनों ने 9 फरवरी को मेकाज में भर्ती करवाया था। कोरोना जांच की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। जिसके बाद बुजुर्ग को कोविड वार्ड में शिफ्ट किया गया था। जहां इलाज के दौरान बुजुर्ग ने 11 फरवरी को दम तोड़ दिया। जिसका शुक्रवार शाम को अंतिम संस्कार कर दिया गया है।
बस्तर में कोरोना पॉजिटिव केस की रफ्तार काफी कम हो गई है। लेकिन मौतों का सिलसिला जारी है। शुक्रवार को बस्तर में हुई तीन मौतों ने अब प्रशासन की चिंता भी बढ़ा दी है। हालांकि बस्तर संभाग के सभी जिलों में टेस्टिंग बढ़ाई गई है। कोविड पॉजिटिव मरीजों की पहचान करने के बाद उन्हें फौरन आइसोलेट करने के निर्देश भी दिए गए हैं। राज्य से जारी मीडिया बुलेटिन के अनुसार शुक्रवार को कांकेर जिले से सबसे ज्यादा 47 कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं।