हिजाब विवाद पर CM भूपेश का बयान:कहा- कट्टरता से देश को बड़ा नुकसान

हिजाब विवाद पर CM भूपेश का बयान:कहा- कट्टरता से देश को बड़ा नुकसान

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने हिजाब विवाद पर बड़ा बयान दिया है। शनिवार को उन्होंने कहा विवाद की शुरुआत करने वालों को पता नहीं है कि इसका हश्र क्या होगा। यह बातें दोनों समुदायों के बीच बैठकर हल कर लेनी चाहिए थी। विवाद से यह राष्ट्रीय समस्या बन गई है। उन्होंने पीसीसी अध्यक्ष मोहन मरकाम के शराबबंदी नहीं करने के बयान का समर्थन किया और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के दौरे को रेकी करने का प्रवास कहा। बोले कि वो बेचने लायक चीज देखने आए थे।

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार पर निकलने से पहले रायपुर में पत्रकारों से चर्चा में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने यह बात कही। उन्होंने कहा, दुनियाभर के सताए हुए जाति-धर्म के लोगों को हिंदुस्तान में जगह मिली। हम अपने लोगों के साथ अब किस प्रकार से व्यवहार कर रहे हैं। कट्टरता चाहे इधर की हो या उधर की। दोनों ही हमारे लिए नुकसानदायक हैं। इससे समाज का ही नुकसान होना है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, यह बहुत संवेदनशील मामला है। पारिवारिक सामाजिक मामला है, इसको बैठकर हल करना चाहिए। हर बात पर आप न्यायालय जाएंगे, इसको राजनीतिक मुद्दा बनाएंगे ताे हमारा देश कहां जा रहा है। हम किस दिशा में जा रहे हैं। क्या हम इसी तरह लड़ाइयां लड़ते रहेंगे। बच्चे हमारे हैं, हमारा भविष्य हैं लेकिन वे हमारा प्रतिनिधित्व नहीं करते। जो नेतृत्व करने वाले लोग हैं, उनकी जिम्मेदारी है कि ऐसे मामलों को आपस में बैठकर सुलझा लेना चाहिए, न कि उनको हवा देना चाहिए।मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शराबबंदी के मुद्दे पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम के बयान का समर्थन किया। उन्होंने कहा, मोहन मरकाम जी ने कोई गलत बात नहीं की है। बीजेपी अपने मेनिफेस्टो को पढ़ती नहीं है हमारे मेनिफेस्टो को रट्टा मार रखी है। अनुसूचित क्षेत्रों में ग्राम सभाओं में चर्चा करके ही कोई निर्णय लिया जाता है। इसलिए घोषणा पत्र में विशेष तौर पर उल्लेख किया गया था अनुसूचित क्षेत्रों में रायशुमारी करके शराबबंदी की बात लिखी गई है। ऐसे में उन्होंने कोई गलत गलत बात नहीं की है।

खाद की कमी से जुड़े एक सवाल पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, भाजपा की केंद्र में बैठी सरकार की जिम्मेदारी है कि पूरे देश में खाद उपलब्ध कराए। जहां चुनाव हो रहे हैं वहां खाद नहीं मिल रहा है। भाजपा शासित मध्य प्रदेश जैसे राज्यों में भी खाद नहीं मिल रहा है। छत्तीसगढ़ के साथ वे सौतेला व्यवहार करेंगे ही। केंद्र सरकार को बताना चाहिए कि देश में खाद का उत्पादन कम हो गया है। क्या कच्चे माल की पूर्ति नहीं हो पा रही है। क्या कारण है कि किसानों को खाद नहीं मिल पा रही है।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा, रायपुर में आकर केंद्रीय मंत्री सिंधिया झूठ बोल रहे थे। हवाई अड्‌डे के विस्तार के लिए हम लोगों ने पहले भी केंद्रीय मंत्री से मुलाकात की थी। वे रायपुर दौरे पर आए थे तो क्या देकर गए हैं छत्तीसगढ़ को। वे छत्तीसगढ़ की रेकी करने आए थे कि क्या बेचा जा सकता है। प्रदेश में हवाई सेवाओं के विस्तार की मांग करने वाले डॉ. रमन सिंह के पत्र से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, उनके कार्यकाल में तो एक भी हवाई अड्डा शुरू नहीं हो पाया था। हमारे कार्यकाल में जगदलपुर, बिलासपुर में शुरुआत हो चुकी है। अंबिकापुर का जो हवाई अड्डा है उसको भी डेवलप कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *