गोवा में 79% रहा पोलिंग:

गोवा में 79% रहा पोलिंग:

देश के सबसे छोटे राज्य गोवा की सभी 40 विधानसभा सीटों पर वोटिंग खत्म हो गई है। राज्य में शाम 6 बजे पोलिंग खत्म होने तक 78.94% मतदान हुआ। हालांकि फाइनल आंकड़ा सभी बूथ से आखिरी रिपोर्ट आने के बाद जारी किया जाएगा। नॉर्थ गोवा की सीटों पर 79.84%, जबकि साउथ गोवा की सीटों पर 78.15% पोलिंग दर्ज किया गया है।

राज्य में 2017 के पिछले विधानसभा चुनाव में 82.56% वोटर्स ने मतदान किया था, जो 2012 के मुकाबले 0.38% कम था। इस बार भी फाइनल पोल परसंटेज आने पर इसके कम ही रहने की संभावना जताई जा रही है।

राज्य में सबसे ज्यादा 89.64% वोट नॉर्थ गोवा की सेंकोलिन विधानसभा सीट पर पड़े, जहां से मौजूदा मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत चुनाव लड़ रहे हैं। पूर्व CM और देश के रक्षा मंत्री रहे मनोहर पर्रिकर के बेटे उत्पल पर्रिकर की पणजी विधानसभा सीट पर 73.75% मतदान दर्ज किया गया। आम आदमी पार्टी (AAP) की तरफ से मुख्यमंत्री चेहरा घोषित किए गए अमित पालेकर की सेंट क्रूज विधानसभा सीट पर भी 73.97% मतदाताओं ने ही वोट डाला है।राज्य में शुरुआती दो घंटे यानी सुबह 9 बजे तक गोवा में 11.04% वोटिंग हुई थी। सुबह 11 बजे तक यह आंकड़ा बढ़कर 26.63% और दोपहर 1 बजे तक ये आंकड़ा 44.63 % हो गया। दोपहर 3 बजे तक गोवा में 60.18% मतदान हुआ, वहीं शाम 5 बजे यह आंकड़ा 75.29% हो गया था।

पर्रिकर की बहन लता प्रकाश ने कहा, ‘पणजी में जो किया, मेरे भाई ने किया। उनके बाद कोई नया काम नहीं हुआ। अब BJP के लोग कॉमन मैन की बात नहीं करते। पूरे गोवा में लोग बदलाव चाहते हैं। मनोहर भाई के परिवार को इतना कष्ट उठाना पड़ रहा है। पणजी में उत्पल को टिकट न देने का असर पूरे गोवा में दिखेगा।’

लता प्रकाश ने कहा, ‘भाई के जाने के बाद सही बीजेपी नहीं बची है। पार्टी की अभी की लीडरशिप सही नहीं है। बीजेपी ने कांग्रेस के करप्ट नेताओं को टिकट दिया। यहां किसी की सरकार नहीं बनेगी। मिक्स गवर्नमेंट आएगी।’ गोवा की 40 सीटों पर 301 कैंडिडेट की किस्मत दांव पर है। इनमें BJP के 40, कांग्रेस के 37, आप के 39, TMC के 26, MGP के 13 और 68 निर्दलीय हैं। राज्य के कुल 11.56 लाख वोटर्स आज इनकी किस्मत तय करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *