जेलेंस्की का झुकने से इनकार, बोले- मैं कसम खाता हूं कि युद्ध में अत्याचार करने वाले सभी लोगों को सजा दूंगा

जेलेंस्की का झुकने से इनकार, बोले- मैं कसम खाता हूं कि युद्ध में अत्याचार करने वाले सभी लोगों को सजा दूंगा

रूस-यूक्रेन में चल रही जंग का आज 12वां दिन है। यूक्रेन पर रूसी सेना के ताबड़तोड़ हमले जारी हैं। इससे यूक्रेन के कई शहर तबाह हो चुके हैं। UN ने दावा किया है कि अब तक 15 लाख लोग यूक्रेन छोड़ कर दूसरे देशों में शरण ले चुके हैं। इस युद्ध में जवानों, महिलाओं और बच्चों सहित कई लोगों की जान गई है। यूक्रेनी राष्ट्रपति वोल्दोमिर जेलेंस्की ने युद्ध के लिए जिम्मेदार लोगों को सजा दिलाने की कसम खाई है।जेलेंस्की ने एक संबोधन में कहा, ‘यह हत्या है, जानबूझकर की गई हत्या, क्योंकि रूस ने सोमवार को और भी ज्यादा गोलाबारी करने की चेतावनी दी है। हम इसे कभी नहीं भूलेंगे और न ही इसमें शामिल लोगों को माफ करेंगे। हम अपनी जमीन पर अत्याचार करने वाले सभी लोगों को सजा देंगे। कब्र के अलावा इस धरती पर कोई शांत जगह नहीं होगी।’

उन्होंने कहा कि रूसी सेना ने यूक्रेन के शहरों को तबाह कर दिया। सीजफायर के दौरान भी बमबारी नहीं रुकी। इस कारण मारियुपोल में फंसे लोग निकल नहीं पाए। इधर, रूस ने पूरे यूक्रेन में आज दूसरी बार सीजफायर का ऐलान किया है। इस दौरान युद्ध में फंसे लोगों को निकालने के लिए ह्यूमन कॉरिडोर बनाया जाएगा। वहीं, अमेरिका का कहना है कि यूक्रेन में नागरिकों पर जानबूझकर हमले किए जा रहे हैं।

यूक्रेन और रूस के बीच आज तीसरे दौर की बैठक होगी। इससे पहले रूस और यूक्रेन के बीच दो दौर की बातचीत हो चुकी है, लेकिन अब तक कोई नतीजा नहीं निकल सका है। इस युद्ध में न तो पुतिन पीछे हट रहे हैं और न ही यूक्रेन के राष्ट्रपति हार मानने को तैयार हैं।यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद कई देश रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन के सख्त खिलाफ हो गए हैं। रूस पर कई तरह की पाबंदियां भी लगाई गई हैं। अब अमेरिका का कहना है कि अब यूरोप के साथ रूसी तेल आयात पर प्रतिबंध लगाने पर चर्चा की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *