टीम इंडिया ने लगातार 15वीं होम सीरीज जीती:दूसरे टेस्ट में श्रीलंका को 238 रन से हराकर क्लीन स्वीप

टीम इंडिया ने लगातार 15वीं होम सीरीज जीती:दूसरे टेस्ट में श्रीलंका को 238 रन से हराकर क्लीन स्वीप

बेंगलुरु में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में भारत ने श्रीलंका को 238 रन से हराकर दो मैचों की सीरीज में क्लीन स्वीप कर लिया। श्रीलंका के सामने 447 रन का टारगेट था। जवाब में मेहमान टीम 208 रन पर सिमट गई। भारत की तरफ से आर अश्विन ने 4 और जसप्रीत बुमराह ने 3 विकेट लिए। अक्षर पटेल को 2 जबकि रवींद्र जडेजा को 1 विकेट मिला। मैच में बुमराह ने कुल 8 विकेट लिए। ऋषभ पंत मैन ऑफ द सीरीज चुने गए।दूसरी पारी में श्रीलंका की ओर से कप्तान दिमुथ करुणारत्ने (107) टॉप स्कोरर रहे। 7 बैटर डबल डिजिट में भी नहीं जा सके। दोनों पारियों में फिफ्टी लगाने वाले श्रेयस अय्यर को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ और सीरीज में 185 रन बनाने वाले ऋषभ पंत को ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ का अवॉर्ड मिला।घरेलू मैदानों पर भारतीय टीम की ये लगातार 15वीं टेस्ट सीरीज जीत है। भारत 2012 में आखिरी बार होम सीरीज हारा था। तब उसे इंग्लैंड ने पटखनी दी थी। उस समय महेंद्र सिंह धोनी कप्तान थे। इसके बाद से अब तक भारतीय टीम ने कोई घरेलू टेस्ट सीरीज नहीं गंवाई। अब तक किसी भी टीम ने अपने घरेलू मैदानों पर इतनी सीरीज नहीं जीतीं।

डे-नाइट टेस्ट की दोनों पारियों में श्रेयस अय्यर ने कमाल का प्रदर्शन किया। पहली पारी में जब वो बल्लेबाजी के लिए आए, उस समय भारत का स्कोर 86/4 था। इसके बाद चौथा टेस्ट खेल रहे अय्यर ने न सिर्फ एक छोर संभाले रखा, बल्कि तेजी से रन भी बनाए। हालांकि वह अपना दूसरा शतक पूरा नहीं कर सके और 98 गेंदों पर 92 रन बनाकर आउट हो गए।

दूसरी पारी में भी अय्यर का जलवा कायम रहा। उन्होंने 70 गेंदों पर टेस्ट क्रिकेट में अपना तीसरा अर्धशतक पूरा किया। इसके साथ श्रेयस डे-नाइट टेस्ट की दोनों पारियों में 50+ स्कोर बनाने वाले भारत के पहले और दुनिया के चौथे खिलाड़ी बन गए। वो 67 रन बनाकर आउट हुए।टेस्ट सीरीज में ऋषभ पंत ने कमाल का प्रदर्शन किया। 3 पारियों में उन्होंने 185 रन बनाए। बतौर विकेटकीपर 5 कैच लिए और 3 स्टंपिंग कीं। दूसरे टेस्ट की दूसरी पारी में पंत भारत के लिए टेस्ट फॉर्मेट में सबसे तेज फिफ्टी लगाने वाले खिलाड़ी भी बन गए। दूसरी पारी में पंत ने केवल 28 गेंद पर अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने कपिल देव के 40 साल पुराने रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया। कपिल ने 1982 में पाकिस्तान के खिलाफ 30 गेंदों पर फिफ्टी बनाई थी।एक छोर से भले ही विकेट गिर रहे हो, लेकिन दूसरे छोर पर श्रीलंका के कप्तान दिमुथ करुणारत्ने डट कर खड़े रहे। उन्होंने 166 गेंदों पर टेस्ट क्रिकेट में अपना 14वां और भारत के खिलाफ दूसरा शतक पूरा किया। हालांकि वह अपनी पारी को आगे नहीं बढ़ सके और जसप्रीत बुमराह की अंदर आती हुई गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए।

दोनों टीमें इस तरह रहीं

IND: मयंक अग्रवाल, रोहित शर्मा (कप्तान), हनुमा विहारी, विराट कोहली, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर, रवींद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, अक्षर पटेल, मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह

SL: दिमुथ करुणारत्ने (कप्तान), लाहिरु थिरिमाने, कुसल मेंडिस, एंजेलो मैथ्यूज, धनंजया डी सिल्वा, चरिथ असलंका, निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर), सुरंगा लकमल, लसिथ एम्बुलडेनिया, विश्वा फर्नांडो, प्रवीण जयविक्रमा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *