पंजाब में आम आदमी पार्टी की नई सरकार के मंत्री 19 मार्च को शपथ लेंगे। मुख्यमंत्री के तौर पर भगवंत मान कल खटकड़ कलां में शपथ ले रहे हैं। हालांकि मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह राजभवन में ही होगा। 17 मार्च को सभी 117 विधायकों को शपथ दिलाई जाएगी। इसी बीच पंजाब सरकार ने 57 पूर्व मंत्रियों और विधायकों को 26 मार्च तक उन्हें मिले फ्लैट और बंगले खाली करने का फरमान दे दिया है। अगर वक्त पर खाली न किया गया तो फिर उन्हें कई गुना किराया देना होगा।सूत्रों की मानें तो अभी तक 19 मार्च को 6 मंत्रियों को शपथ दिलाने की खबर है। इनमें हरपाल चीमा, अमन अरोड़ा, प्रो. बलजिंदर कौर, नीना मित्तल और बुधराम का नाम शामिल है। इसके अलावा कुलतार संधवा का नाम भी इसमें बताया जा रहा है। हालांकि मंत्रियों के नाम की अंतिम सूची 18 मार्च को राजभवन भेजी जाएगी। एक बार सरकार का कामकाज शुरू कर फिर मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा।
पंजाब सरकार की तरफ से मंत्रियों को बंगले अलॉट किए जाते हैं। चन्नी सरकार में 17 मंत्री थे, जिन्हें बंगले अलॉट किए गए थे। अब कांग्रेस से सत्ता से बाहर हो गई है तो मंत्रियों को नियम के मुताबिक रिजल्ट आने के 15 दिन बाद का वक्त दिया गया है। इनमें मुख्यमंत्री रहे चरणजीत चन्नी चुनाव परिणाम आते ही मुख्यमंत्री रिहायश खाली कर चुके हैं। वहीं फ्लैट वाले विधायकों में पूर्व सीएम प्रकाश सिंह बादल, बिक्रम मजीठिया और नवजोत सिद्धू का नाम भी शामिल है। इनसे बंगले और फ्लैट खाली करवाकर इन्हें नए मंत्रियों और विधायकों को दिया जाएगा।