रूस-यूक्रेन जंग का आज 20वां दिन है। यूक्रेन के साथ शांति वार्ता चलने के बावजूद रूस लगातार यूक्रेनी शहरों में नागरिक इलाकों पर बमबारी कर रहा है। इस बीच रूसी सेना ने बड़ा दावा किया है कि खेर्सोन इलाका पूरी तरह से उसके नियंत्रण में आ चुका है।
इस बीच पोलैंड, चेक रिपब्लिक और स्लोवेनिया के प्रधान मंत्री यूक्रेन के राष्ट्रपति से मिलने के लिए कीव जा रहे हैं। दूसरी तरफ सोमवार को रूस समर्थित विद्रोहियों के कब्जे वाले डोनेट्स्क शहर में बैलेस्टिक मिसाइल हमले में 20 आम लोगों की मौत हो गई, जबकि 35 अन्य घायल हो गए। रूस ने इस हमले का आरोप यूक्रेनी सेना पर लगाया है।यूक्रेन ने डोनेट्स्क पर हमले से इनकार किया है और कहा है कि यह रूस की ही मिसाइल होगी, जो निशाना चूक गई है। उधर, इंटरनेशनल कोर्ट ऑफ जस्टिस (ICJ) ने कहा है कि वह यूक्रेन की तरफ से रूस के खिलाफ दाखिल याचिका पर 16 मार्च, यानी बुधवार को फैसला सुनाएगा। यूक्रेन ने 7 मार्च को हुई सुनवाई में कोर्ट से रूस को मिलिट्री एक्टिविटीज रोकने का आदेश देने की मांग की थी।
अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने कहा है कि वो अपने रूसी सहयोगियों के साथ काम करना जारी रखेगी। नासा के प्रवक्ता डैन हुओट ने कहा कि नासा इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन के सुरक्षित संचालन के रूसी स्पेस एजेंसी रोस्कोस्मोस के साथ काम करना जारी रखे हुए है। अंतरिक्ष में चल रहे और ग्राउंड स्टेशन के संचालन के लिए एजेंसी के सपोर्ट में बदलाव का कोई प्लान नहीं है।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोल्दोमीर जेलेंस्की बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अमेरिकी कांग्रेस (अमेरिकी संसद) को संबोधित करेंगे। संसद की स्पीकर नैन्सी पेलोसी ने सीनेट में इसकी घोषणा की। कई डेमोक्रेट सांसदों का मानना है कि इससे कैपिटल हिल (अमेरिकी संसद भवन) में राष्ट्रपति जो बाइडेन पर कीव की मदद के लिए फाइटर जेट्स भेजने का दबाव बढ़ाने का मोमेंटम बनेगा।रूसी हमले में सोमवार को एक और पत्रकार बेंजामिन हॉल घायल हो गए। बेंजामिन हॉल फॉक्स न्यूज के करस्पॉन्डेंट है। वे यूक्रेन की राजधानी कीव के बाहर रूसी सेना की तरफ से दागे गए एक रॉकेट की चपेट में आ गए। इससे पहले अमेरिकी पत्रकार ब्रेंट रेनॉड की रूस के हमले में मौत हो गई थी और उनके साथी पत्रकार जुआन अर्रेडोंडो घायल हो गए थे।