रूस-यूक्रेन जंग के 43 दिन पूरे हो चुके हैं। इस बीच रूस ने पूर्वी यूक्रेन के एक रेलवे स्टेशन पर क्रूज मिसाइल से हमला किया है। हमले में 39 लोगों के मारे जाने की खबर है। इनमें 4 बच्चे भी शामिल हैं। वहीं, 100 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं। हमला डोनेट्स्क के क्रामटोरस्क में हुआ है। डोनेट्स्क के गवर्नर ने बताया कि जिस समय हमला हुआ, उस समय हजारों लोग यहां से बाहर निकलने के लिए ट्रेन का इंतजार कर रहे थे।
हालांकि रूस ने इस हमले से इनकार किया है। साथ ही रूसी रक्षा मंत्रालय ने यूक्रेन पर जानबूझकर ट्रेन स्टेशन को निशाना बनाने का आरोप लगाया है। वहीं, रूस ने कहा कि उसकी सेना ने ओडेसा में एक मिलिट्री ट्रेनिंग सेंटर तबाह कर दिया है।जर्मनी के एक दावे ने यूक्रेन के बूचा शहर में नरसंहार के आरोप झेल रहे रूस की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। जर्मनी ने कहा है कि उसके इंटेलिजेंस डिपार्टमेंट ने सेटेलाइट के जरिए रूसी सेना का रेडियो ट्रांसमिशन रिकॉर्ड किया है। इस बातचीत में रूसी सेना के अधिकारी सैनिकों को आम नागरिकों की हत्या करने का आदेश दे रहे हैं। जर्मनी ने इस ऑडियो को रिलीज भी किया है और कहा है कि यह ऑडियो बूचा शहर का हो सकता है, जहां पिछले दिनों सैकड़ों नागरिकों की हत्या कर दी गई थी। हालांकि रूस ने इसे प्रोपेगैंडा बताते हुए खारिज कर दिया है।यूक्रेन के बूचा में अटैक के बाद मारे गए लोगों के शव निकाले जा रहे हैं। राहत दल के एक अधिकारी ने कहा- हम घरों से डेड बॉडी निकाल रहे हैं। एक बॉडी के सिर में गोली मारी गई थी। रोड और यार्ड से भी कई लोगों के शव मिले हैं। मृतकों की संख्या इतनी ज्यादा है कि शवों का रैंडम पोस्टमॉर्टम करने का फैसला लिया गया है।
रूस ने पहली बार जंग में हुए अपने सैन्य नुकसान को स्वीकारा है। रूसी सेना के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने कहा- इस युद्ध में काफी रूसी सैनिकों को जान गंवानी पड़ी है। इस दौरान दिमित्री ने मारे गए सैनिकों की संख्या नहीं बताई। इसके पहले रूस ने सिर्फ 1,351 सैनिकों के मारे जाने की पुष्टि की थी।इधर, यूरोपियन यूनियन (EU) ने रूस पर एक और बैन लगाया है। EU ने रूस के कोयला इम्पोर्ट और हथियारों पर पाबंदी लगा दी है। EU की बैठक के बाद एक अधिकारी ने बताया कि अब रशियन जहाजों को यूरोपीय संघ के पोर्ट्स पर ठहरने की इजाजत नहीं दी जाएगी। साथ ही यूरोपीय परिषद के प्रमुख चार्ल्स मिशेल ने यूक्रेन को हथियार उपलब्ध कराने के लिए अतिरिक्त 500 मिलियन यूरो (540 मिलियन डॉलर) जारी करने के प्रस्ताव का समर्थन किया।
UNHRC में वोटिंग के बाद रूस बाहर
बूचा अटैक के बाद गुरुवार को UN में हुई वोटिंग में रूस को संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद (UNHRC) से बाहर कर दिया गया। वोटिंग के दौरान रूस के खिलाफ 93 और पक्ष में 24 वोट पड़े। भारत समेत 58 देश वोटिंग से बाहर रहे। UNHRC का गठन 2006 में किया गया था। रूस इससे बाहर किया गया दूसरा देश है। इससे पहले लीबिया को UNHRC से बाहर किया गया था।