हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग की ऑनलाइन परीक्षाएं 16 अप्रैल से शुरू हो रही हैं। इस परीक्षा में बीएससी, बीएससी होमसाइंस और बीएससी बीएड के रेगुलर व प्राइवेट परीक्षार्थी शामिल होंगे। यह परीक्षा 16 अप्रैल से शुरू होगी और 9 मई तक आयोजित की जाएगी। इसमें बीएससी के 39077 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं।
विश्वविद्यालय के परीक्षा उप कुलसचिव डॉ. राजमणि पटेल ने बताया कि बीएससी प्रथम वर्ष के 9115 परीक्षार्थी रेगुलर और 5599 प्राइवेट परीक्षार्थी शामिल होंगे। इसी तरह बीएससी द्वितीय वर्ष में 7924 परीक्षार्थी रेगुलर व 4327 प्राइवेट परीक्षार्थी बैठेंगे। बीएससी तृतीय वर्ष में 8899 रेगुलर व 3213 प्राइवेट परीक्षार्थी शामिल होंगे। बीएससी की परीक्षाओं में कुल 39077 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
बीएससी की परीक्षा में शामिल होने वाले सभी रेगुलर एवं प्राइवेट विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित परीक्षा केन्द्रों से उत्तर पुस्तिकाएं उपलब्ध करा दी गई हैं। परीक्षा विभाग द्वारा बीएससी प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय वर्ष का पहला पेपर हिंदी विषय का 16अप्रैल को परीक्षा से कुछ देर पहले सुबह 7 बजे विश्वविद्यालय की अधिकृत वेबसाइट पर अपलोड कर दिया जाएगा।परीक्षार्थी को पेपर हल करने बाद उसी दिन उत्तर पुस्तिका को दोपहर 12 से 3 बजे के मध्य अपने संबंधित परीक्षा केन्द्रों में जमा करना होगा। इसके लिए परीक्षार्थी को अपने साथ अपना परीक्षा प्रवेश पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा।अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव ने बताया कि प्राइवेट स्नातकोत्तर की परीक्षाएं 9 अप्रैल को समाप्त हुई हैं। इन परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाएं प्राप्त हो चुकी हैं। उत्तर पुस्तिकाओं को मूल्यांकन के लिए विशेषज्ञों को दिया जा रहा है। इस वर्ष लगभग 33 हजार परीक्षार्थी स्नातकोत्तर प्राइवेट परीक्षार्थी के रूप में परीक्षा में शामिल हुए हैं।