छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी की वजह से स्कूलों में गर्मी की छुट्टी तय समय से पहले हो गई। सरकार ने 24 अप्रैल से स्कूलों की छुट्टी करने का आदेश जारी कर दिया है। अब 15 जून तक स्कूलों में छुट्टी रहेगी। उसके बाद नया शिक्षा सत्र शुरू होगा।स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से बुधवार शाम जारी आदेश में कहा गया, प्रदेश में भीषण गर्मी को देखते हुए सरकार ने फैसला किया है कि सभी सरकारी और निजी स्कूलों में 24 अप्रैल से गर्मी का अवकाश शुरू कर दिया जाए। स्कूलों में केवल कुछ विषयों में एंडलाइन असेसमेंट का काम होना है। इसके लिए 25 अप्रैल की तारीख तय हुई है। जो विद्यार्थी स्वेच्छा से स्कूल आना चाहते हैं, उनको 25 अप्रैल को असेसमेंट के लिए ही बुलाया जाएगा। उसके बाद स्कूल अगले शिक्षा सत्र के लिए 15 जून को खुलेंगे। गर्मी की छुट्टी का यह आदेश सभी सरकारी और निजी स्कूलों पर लागू होगा।
पिछले तीन दिनों से प्रदेश में गर्मी बढ़ी है। प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस हो गया है। रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर और सरगुजा संभागों के अधिकतर हिस्सो में लू चल रही है। इसकी वजह से अभिभावकों की चिंता बढ़ गई थी। लोगों का कहना था, जिस गर्मी में वयस्क बेचैन हो जा रहे हैं, उसमें बच्चों का स्कूल जाना खतरनाक हो सकता है।