विधानसभा में कांग्रेस का 71वां विधायक:छत्तीसगढ़ी वेशभूषा में पहुंची खैरागढ़ की नई विधायक यशोदा वर्मा

विधानसभा में कांग्रेस का 71वां विधायक:छत्तीसगढ़ी वेशभूषा में पहुंची खैरागढ़ की नई विधायक यशोदा वर्मा

छत्तीसगढ़ विधानसभा में कांग्रेस के 71वें विधायक का विधिवत प्रवेश हो गया है। खैरागढ़ की नव निर्वाचित विधायक यशोदा वर्मा ने गुरुवार को पद और गोपनीयता की शपथ ली। इस दौरान उन्होंने खासतौर पर छत्तीसगढ़ परिधान और गहने पहन रखे थे। विधायक के शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव आदि भी मौजूद रहे।

खैरागढ़ विधानसभा चुनाव का परिणाम 16 अप्रैल को ही आ गया था। 12 दिन बाद विधानसभा में नव निर्वाचित विधायक यशोदा वर्मा का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हुआ। सुबह विधानसभा पहुंची यशोदा वर्मा का मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और मंत्रियों-विधायकों ने पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया। विधानसभा के समिति कक्ष में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत ने नव निर्वाचित विधायक को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।यशोदा वर्मा ने छत्तीसगढ़ी में पद की शपथ ली। कार्यक्रम का संचालन विधानसभा के सचिव दिनेश शर्मा ने किया।खैरागढ़ से विधायक रहे देवव्रत सिंह का नवम्बर 2021 में निधन हो गया था। उसकी वजह से रिक्त हुई सीट पर उप चुनाव हुए। 12 अप्रैल को मतदान में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। 16 अप्रैल को परिणाम आए उसमें कांग्रेस की यशोदा वर्मा ने भाजपा प्रत्याशी कोमल जंघेल को 20 हजार से अधिक मतों के अंतर से हरा दिया।

शपथ ग्रहण समारोह के बाद प्रेस से बात करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, छत्तीसगढ़ में कभी किसी दल के 71 विधायक नहीं रहे। दल-बदल के बाद भी नहीं हुआ। 71 सीट जीत पाना अपने आप में बड़ी चुनौती है। 2023 में भी इसी लक्ष्य के साथ चलेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा, खैरागढ़ का उप चुनाव अपने आप में महत्वपूर्ण था। यशोदा वर्मा यहां 20 हजाद से भी अधिक वोटों के अंतर से जीतकर आई हैं।

छत्तीसगढ़ विधानसभा में 90 सीटें हैं। 2018 के आम चुनाव में कांग्रेस ने 68 सीटों पर कब्जा किया था। भाजपा 15 और जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ को 5 सीटें मिलीं। वहीं बहुजन समाज पार्टी को 2 सीटें हासिल हुईं। पिछले तीन सालों में भाजपा के एक और जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के दो विधायकों का निधन हो चुका है। उप चुनावों में कांग्रेस ने जीत हासिल की। अब कांग्रेस के 71 विधायक, भाजपा के 14, छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस के 3 और बसपा के दो विधायक हो गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *