छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के तहत गुरुवार को अब से कुछ देर बाद बीजापुर पहुंचेंगे। यहां वे नक्सल प्रभावित गांव आवापल्ली और कुटरु में चौपाल लगाएंगे। यह पहला ऐसा मौका रहेगा जब CM धुर नक्सल क्षेत्र माने जाने वाले इलाकों में ग्रामीणों से सीधे मुखातिब होंगे। साथ ही जिला मुख्यालय में सी-मार्ट का उद्घाटन भी करेंगे। नक्सल प्रभावित इलाका होने की वजह से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
दरअसल, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने 18 मई से भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के दूसरे चरण की शुरुआत बस्तर से की है। पहले दिन वे सुकमा पहुंचे। कोंटा, छिंदगढ़ के बाद फिर उन्होंने सुकमा जिला मुख्यालय में चौपाल लगाई थी। अधिकारियों की बैठक भी ली। CM के साथ बस्तर के सांसद दीपक बैज और आबकारी मंत्री कवासी लखमा भी मौजूद हैं।मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश के सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में भेंट-मुलाकात अभियान की शुरुआत की है। इसके पहले चरण में मुख्यमंत्री ने 4 मई से 11 मई तक सरगुजा संभाग के विधानसभा क्षेत्रों का दौरा किया था। इस दौरान उन्होंने तीन जिलों के आठ विधानसभा में जनता के बीच पहुंचकर शासकीय योजनाओं को क्रियान्वयन और जनता को मिल रहे लाभ के बारे में जानकारी ली थी।बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बस्तर के सभी विधानसभा क्षेत्रों का दौरा 2 जून तक पूरा कर लेंगे। यात्रा के तीसरे चरण की शुरुआत 30 मई से हो गई है। इस दौर में नारायणपुर, कांकेर, अंतागढ़ और भानुप्रतापुर विधानसभा क्षेत्रों में मुख्यमंत्री की चौपाल लगनी है। यह चरण पूरा करने के बाद मुख्यमंत्री एक बार फिर सरगुजा संभाग की विधानसभा सीटों के लिए जाएंगे।