देश में कोरोना के ओमिक्रॉन वैरिएंट के सब वैरिएंट BA.4 और BA.5 के पहले मरीज मिले हैं। तमिलनाडु में 19 साल की महिला BA.4 संक्रमित मिली है। हालांकि वह पूरी तरह वैक्सीनेटेड है। उसमें कोरोना के सामान्य लक्षण हैं। उसकी कोई ट्रैवल हिस्ट्री भी नहीं है।
तेलंगाना में 80 साल का मरीज BA.5 से संक्रमित मिला है। वह भी पूरी तरह वैक्सीनेटेड है। उसे भी कोरोना के सामान्य लक्षण हैं। मरीज की कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं है। इन दोनों मरीजों की कांटेक्ट्र हिस्ट्री ट्रैस की जा रही है। इन दोनों ही सब वैरिएंट ने इन दिनों दुनिया में कहर मचा रखा है। इंडियन सॉर्स कोव-2 जिनोमिक्स कंसोर्टियम (इंसाकोग) ने रविवार को इसकी पुष्टि की है। इसके पहले हैदराबाद में साउथ अफ्रीका से लौटा मरीज BA.4 से संक्रमित पाया गया था।
शनिवार को संक्रमण के नए मामलों में कमी देखी गई। कुल 2200 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई, 2184 मरीज ठीक हो गए, जबकि 65 मरीजों की मौत हो गई। इससे पहले शुक्रवार को 2,274 नए केस आए थे, 2,309 मरीज ठीक हुए थे और 3 ने जान गंवाई थी। अभी 13,652 मरीजों का इलाज चल रहा है।
महामारी की शुरुआत से अभी तक देश में 4.31 करोड़ से ज्यादा लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। 4.25 करोड़ ठीक हुए हैं, जबकि 5 लाख से ज्यादा लोगों ने जान गंवाई है।