क्वॉड 2022 में हिस्सा लेने PM मोदी रवाना:

क्वॉड 2022 में हिस्सा लेने PM मोदी रवाना:

PM मोदी 23 से 24 मई तक जापान में होने वाली क्वॉड समिट में हिस्सा लेने रविवार रात टोक्यो रवाना हो गए। अपने दौरे से पहले PM ने कहा कि वह दूसरे इन-पर्सन क्वॉड लीडर्स समिट में हिस्सा लेंगे। बैठक में चारों क्वॉड देशों के नेताओं के साझा प्रयासों की समीक्षा की जाएगी। वहीं, इंडो- पैसिफिक रिजन के डेवलपमेंट और आपसी हित के ग्लोबल मुद्दों पर विचार भी साझा किए जाएंगे।

प्रधानमंत्री टोक्यो में होने वाले क्वॉड समिट में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन, जापान के PM फुमियो किशिदा और ऑस्ट्रेलिया के नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज से मुलाकात करेंगे। 40 घंटे के टोक्यो प्रवास पर PM जापान के 35 बिजनेस लीडर्स और CEOs से मुलाकात करेंगे।

PM मोदी जापानी PM फुमियो किशिदा के बुलावे पर जापान जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस साल मार्च महीने में किशिदा भारत-जापान ऐनुअल समिट में हिस्सा लेने भारत आए थे। टोक्यो दौरे पर हम भारत- जापान के बीच स्ट्रैटेजिक और ग्लोबल पार्टनरशिप पर बात होगी।

जापान में भारत के राजदूत एसके वर्मा ने बताया कि PM मोदी 23 मई को यहां पहुंचेंगे। इस दिन वह जापान के बिजनेस लीडर्स के साथ ही कई कंपनियों के सीईओ से भी मुलाकात करेंगे। इसके बाद PM प्रवासी भारतीयों के कार्यक्रम में शामिल होंगे और 24 मई को क्वाड मीटिंग में हिस्सा लेंगे।

QUAD यानी क्वॉड्रिलैटरल सिक्योरिटी डॉयलॉग चार देशों का समूह है। इसमें अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, भारत और जापान शामिल हैं। इन चारों देशों के बीच समुद्री सहयोग 2004 में आई सुनामी के बाद शुरू हुआ था। QUAD का आइडिया 2007 में जापान के उस वक्त के प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने दिया था। हालांकि, चीन के दबाव में ऑस्ट्रेलिया पहले ग्रुप से बाहर रहा।

दिसंबर 2012 में शिंजो आबे ने फिर से एशिया के डेमोक्रेटिक सिक्योरिटी डायमंड का कॉन्सेप्ट रखा, जिसमें चारों देशों को शामिल कर हिंद महासागर और पश्चिमी प्रशांत महासागर के देशों से लगे समुद्र में फ्री ट्रेड को बढ़ावा देना था। आखिरकार नवंबर 2017 में चारों देशों का QUAD ग्रुप बना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *