छत्तीसगढ़ के कोंडागांव में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने 131 करोड़ 47 लाख रूपए के लगभग 140 कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया है। भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के तहत जिले के प्रवास पर रहे CM ने अधिकारियों की समीक्षा बैठक भी ली। किसानों से जुड़ी योजनाओं को मुख्यमंत्री ने जमीनी स्तर तक ले जाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अफसरों से कहा है कि वे समय-समय पर खुद भी स्कूल जाएं और बच्चों की पढ़ाई का स्तर क्या है उसे देखें।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि, सीमांकन, नामांतरण और बंटवारे के शिविर नियमित संचालित करते रहें। उन्होंने स्कूलों में बन रहे अस्थाई जाति प्रमाण पत्र की संख्या की जानकारी ली। साथ ही राजस्व विभाग के अधिकारियों को अस्थाई जाति प्रमाण पत्रों को समय सीमा में स्थाई करवाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि आदिवासी इलाकों में मात्रात्मक त्रुटि की वजह से लाभ से वंचित हो रहे लोगों के लिए अंग्रेजी नाम को मानक मानकर जाति प्रमाण पत्र प्रदान करें।मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कोंडागांव में मावा कोंडानार ऐप का शुभारंभ किया। इस एप के माध्यम से जिले के दैनिक समाचार, क्षेत्रवार स्वीकृत कार्य, आपातकालीन हेतु सभी कार्यालयों से संपर्क, शिकायत, सुझाव और मांग हेतु आवेदन तथा निराकरण की जानकारी तत्काल इससे मिलेगीं।