सेंसेक्स और निफ्टी हफ्ते के तीसरे कारोबारी दिन बुधवार को गिरावट के साथ बंद हुए। सेंसेक्स 185.24 पॉइंट या 0.33% की गिरावट के साथ 55,381 पर और निफ्टी 61.80 पॉइंट या 0.37% गिरकर 16,522 पर बंद हुआ। सेंसेक्स में महिंद्रा एंड महिंद्रा, HDFC, कोटक बैंक, HDFC बैंक, NTPC और टाटा स्टील में बढ़त रही।
सेंसेक्स 21.86 पॉइंट या 0.04% की बढ़त के साथ 55,588.27 पर और निफ्टी 9.85 पॉइंट या 0.06% की बढ़त के साथ 16,594.40 पर खुला था।आज सभी 11 सेक्टोरल इंडेक्स फ्लैट रहे। इसमें बैंक, फाइनेंशियल सर्विस, FMCG, मेटल, PSU बैंक और प्राइवेट बैंक में बढ़त रही। जबकि रियल्टी, मीडिया, ऑटो, IT और फार्मा मामूली गिरावट रही।
डिजिटल सिग्नेचर सर्टिफिकेट प्रोवाइडर ई-मुद्रा (eMudhra) की आज, यानी 1 जून को शेयर बाजार में प्रीमियम पर लिस्टिंग हुई है। IPO के तहत शेयर का प्राइस 256 रुपए था, जबकि इसका शेयर आज BSE पर 271 रुपए पर लिस्ट हुआ। जो आज 257.90 पर बंद हुआ। इसके इश्यू का साइज करीब 413 करोड़ रुपए का था और इसे मौजूदा मार्केट कंडीशंस के लिहाज से इन्वेस्टर की ओर से बेहतर रिस्पॉन्स भी मिला था। यह ओवरऑल 2.72 गुना सब्सक्राइब हुआ था।NSE के डेटा के मुताबिक, 412.79 करोड़ रुपए के इस IPO में 1 करोड़ 13 लाख 64 हजार 784 शेयर्स के मुकाबले 3 करोड़ 9 लाख 2 हजार 516 शेयर्स के लिए बीडिंग मिली थी। IPO में क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के हिस्से को 4.05 गुना सब्सक्रिप्शन मिला था, जबकि रिटेल इंडिविजुअल इनवेस्टर्स (RII) की कैटेगरी को 2.61 गुना और नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स को 1.28 गुना सब्सक्रिप्शन मिला था। इश्यू के तहत 161 करोड़ रुपए के नए शेयर जारी किए गए। इसके अलावा, प्रमोटर्स और मौजूदा शेयरहोल्डर्स से 98.35 लाख शेयरों की बिक्री ऑफर-फॉर-सेल (OFS) के तहत की गई।