केंद्रीय मंत्रिपरिषद ने खरीफ की फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य(MSP) बढ़ा दिया है। छत्तीसगढ़ की सबसे प्रमुख फसल धान की कीमत में 100 रूपये प्रति क्विंटल का इजाफा हुआ है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है, प्रोत्साहन राशि मिलाकर छत्तीसगढ़ के किसानों को इस साल प्रति क्विंटल 2640 रुपए मिलेगा।मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर कहा है कि, “धान के समर्थन मूल्य में 100 रूपये की बढ़ोत्तरी हुई है। हम किसानों को कई फसलों के लिए नौ हजार प्रति एकड़ की इनपुट सब्सिडी देते हैं। इस राशि को मिलाकर अब छत्तीसगढ़ के किसानों को प्रति क्विंटल धान का 2640 रूपये मिलेगा। लेकिन समर्थन मूल्य में हुई बढ़ोत्तरी बहुत कम है।’ मुख्यमंत्री ने लिखा, “केंद्र सरकार ने किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया था लेकिन समर्थन मूल्य में सिर्फ 100 रूपये की बढ़ोत्तरी हुई है। डीजल, बीज, दवा और खाद सबकी कीमतें बढ़ने से कृषि का लागत मूल्य बहुत बढ़ा है। समर्थन मूल्य कम से कम दो सौ रूपये बढ़ना चाहिए।’
प्रमुख फसलों के समर्थन मूल्य में इतनी वृद्धि
फसल -2021 का मूल्य- 2022 का मूल्य
धान- 1940 -2040
धान ग्रेड “ए’ 1960- 2060
रागी 3377 -3578
मक्का 1870- 1962
अरहर 6300 -6600
मूंग 7275 -7755
उड़द 6300- 6600
मूंगफली 5550- 5850
सोयाबीन 3950 -4300
कृषि विभाग ने इस साल प्रदेश के 48 लाख हेक्टेयर खेतों में खरीफ की फसल लगाने का लक्ष्य तय किया है। इसमें 33 लाख 64 हजार हेक्टेयर में केवल धान लगाया जाना है। मक्का, कोदो-कुटकी, रागी, अरहर, मूंग, उड़द, कुल्थी, मूंगफली, तिल, सोयाबीन, भी बड़े क्षेत्र में बोया जाना है।
