देश में कोरोना केस में फिर से बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। पिछले 24 घंटे में 13,195 नए केस मिले हैं। कोरोना से मौतों का आंकड़ा पिछले दिन के मुकाबले लगभग 3 गुना बढ़ गया है। बुधवार को कोरोना ने 38 लोगों की जान ली है, जबकि मंगलवार को 13 लोगों की मौत हुई थी।
देश में इलाज करा रहे मरीजों की संख्या 82,550 हो गई है, मंगलवार को इसका आंकड़ा 81,687 था। ठीक होने वालों की संख्या 10,910 दर्ज की गई है।देशभर में सबसे ज्यादा मामले और मौतें केरल में हुई हैं। पिछले 24 घंटे में यहां 4,224 केस दर्ज किए गए हैं और 20 लोगों की मौत हुई है। राज्य में एक्टिव केस 24,333 हैं। ठीक होने वाले मरीजों की संख्या 2,464 है और पॉजिटिविटी रेट घटकर 16.69% हो गया है। मंगलवार को केरल में 2,609 मामले आए थे और पॉजिटिविटी रेट 17.76% पाया गया था।
केरल के बाद महाराष्ट्र में 3,260 नए केस दर्ज किए गए हैं । यहां इलाज करा रहे मरीजों की संख्या 24,639 और पॉजिटिविटी रेट 12.32% दर्ज किया गया। राज्य में कोरोना से 3 लोगों की जान गई है। ठीक होने वाले मरीजों की संख्या 3,533 है। मंगलवार को महाराष्ट्र में 3,659 मामले आए थे और पॉजिटिविटी रेट 9.36% पाया गया था।दिल्ली में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 928 नए केस दर्ज किए गए। पॉजिटिविटी रेट भी घटकर 7.08% हो गया है, जो एक दिन पहले 7.22% था। पिछले 24 घंटे में 13,099 सैंपल की जांच की गई है। वहीं, बुधवार को कोरोना से 3 मरीजों की मौत हुई है। हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक, एक्टिव केस की संख्या 5,054 है।UP में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 678 मामले सामने आए हैं और 4 लोगों की मौत हुई है। राज्य में कुल कोरोना संक्रमण के मामले 20.26 लाख से ज्यादा हो गए हैं। यहां पॉजिटिविटी रेट 0.74% दर्ज किया गया है। मरने वालों का आंकड़ा 40,113 हो गया है।