देश में आज तीन लोकसभा और सात विधानसभा सीटों के लिए वोटिंग हो रही है। इनमें उत्तर प्रदेश की दो और पंजाब की एक लोकसभा सीट शामिल है। वहीं, त्रिपुरा की चार और आंध्र प्रदेश, झारखंड और दिल्ली की एक-एक विधानसभा सीट शामिल है। सभी सीटों पर वोटिंग सुबह 7 बजे से शुरू हो गई है, जो शाम 6 बजे तक चलेगी। उपचुनाव के नतीजे 26 जून को घोषित किए जाएंगे।लोकसभा की जिन तीन सीटों पर मतदान हो रहा है उनमें उत्तर प्रदेश की आजमगढ़ और रामपुर और पंजाब की संगरूर सीट शामिल है। वहीं, सात विधानसभा सीटों में दिल्ली की राजेंद्र नगर, झारखंड की मंदार, आंध्र प्रदेश की आत्मकुर और त्रिपुरा की अगरतला, टाउन बोरदोवाली, सूरमा और जुबाराजगर सीट शामिल है।
भगवंत मान के मुख्यमंत्री बनने के बाद खाली हुई संगरूर लोकसभा सीट पर आप ने गुरमेल सिंह को, कांग्रेस ने दलवीर सिंह गोल्डी और BJP ने केवल ढिल्लों को मैदान में उतारा है। शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) ने कमलदीप कौर के खिलाफ अपने प्रमुख सिमरनजीत सिंह मान को मैदान में उतारा है।AAP के राघव चड्ढा के राज्यसभा के लिए चुने जाने के बाद खाली हुई दिल्ली की राजेंद्र नगर सीट पर AAP ने दुर्गेश पाठक को मैदान में उतारा है। भाजपा ने पूर्व पार्षद राजेश भाटिया और कांग्रेस ने प्रेम लता को मैदान में उतारा है।त्रिपुरा में अगरतला, बोरदोवाली टाउन और सूरमा से भाजपा विधायकों ने इस्तीफा दे दिया था, जबकि जुबाराजगर से माकपा विधायक का निधन हो गया था। बोरदोवाली टाउन सीट पर मुख्यमंत्री माणिक साहा को कांग्रेस के आशीष कुमार साहा के खिलाफ खड़ा किया गया है। अगरतला सीट पर BJP के पूर्व विधायक सुदीप रॉय बर्मन कांग्रेस के टिकट पर BJP के डॉक्टर अशोक सिन्हा और CPM के कृष्णा मजूमदार के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं।सपा प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा खाली किए गए आजमगढ़ में सपा ने उनके चचेरे भाई धर्मेंद्र यादव को भाजपा के दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ और बहुजन समाज पार्टी के शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली के खिलाफ मैदान में उतारा है। आजम खान के पूर्व निर्वाचन क्षेत्र रामपुर में खान के वफादार असीम रजा भाजपा के घनश्याम लोधी के खिलाफ हैं। यहां कांग्रेस चुनाव नहीं लड़ रही है।