पंजाब की वित्तीय हालत पर आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार व्हाइट पेपर जारी करेगी। यह फैसला शुक्रवार को पंजाब कैबिनेट की मीटिंग में लिया गया। यह व्हाइट पेपर 30 जून तक चल रहे बजट सेशन के दौरान ही पेश किया जाएगा।
CM भगवंत मान ने कहा कि पिछली सरकारों ने पंजाब के खजाने का कैसे दुरुपयोग किया। पंजाब कैसे कर्जाई हुआ। पूरे लेखा-जोखा का व्हाइट पेपर लाया जाएगा। पंजाबियों के एक-एक पैसे का हिसाब लेंगे।मान सरकार यह व्हाइट पेपर 4 मापदंडों पर लेकर आएगी। जिसमें पंजाब के खजाने की मौजूदा स्थिति के साथ वित्तीय स्रोतों और कर्जे की हालत के साथ सरकारी विभागों के वित्तीय हालत के बारे में जानकारी दी जाएगी।पंजाब विधानसभा सेशन में 27 जून को बजट पेश होगा। इसको भी पंजाब कैबिनेट की मंजूरी दे दी गई है। सरकारी प्रवक्ता ने कहा कि आम लोगों की ई-मेल, चिटि्ठयों और सीधे बातचीत के जरिए बजट तैयार किया गया है। जिसमें कमाई और खर्च के साथ घाटे के बारे में भी जानकारी दी जाएगी।पंजाब कैबिनेट ने पंजाब राइट टू बिजनेस रूल्स 2020 में संशोधन को भी मंजूरी दी। इसके बाद MSME को भी इसके अधीन लाया गया है। पहले यह नियम सिर्फ नई लघु, छोटी और मध्यम इंडस्ट्री पर ही लागू होते थे। अब यह मौजूदा MSME पर भी लागू होंगे। इससे कारोबार के विस्तार में लगे कारोबारियों को सर्टिफिकेट हासिल करने में मदद मिलेगी।