देश में कोरोना के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। पिछले 24 घंटे में देश में कोरोना के 17 हजार 224 नए केस सामने आए हैं। ये आंकड़े 4 महीने में सबसे ज्यादा है। इससे पहले 19 जनवरी को 19,968 कोरोना केस मिले थे। वहीं, एक दिन पहले की बात की जाए तो बुधवार को कोरोना के 13,313 केस दर्ज किए गए थे, जो एक दिन में ही करीब 4 हजार बढ़ गए।
गुरुवार को 13 मरीजों की मौत हो गई। यह बुधवार के मुकाबले तीन गुना कम है। बुधवार को 38 मरीजों की मौत हुई थी। बीते 24 घंटों में 10,972 लोगों ने कोरोना को मात दी है। देश में 88, 284 मरीज कोरोना का इलाज करवा रहे हैं।अमेरिका के एक अस्पताल की रिपोर्ट में कहा गया है कि कोरोना से दूसरी बार संक्रमित होने पर मामूली लक्षण भी खतरनाक हो सकते हैं। अमेरिका के जॉर्जिया में पॉल स्मिथ को फरवरी 2020 में कोरोना हुआ तो उन्हें सिर्फ एक दिन बुखार आया। गले में थोड़ी खराश थी, जो 3 दिन में ठीक हो गई। अस्पताल की नौबत नहीं आई। मार्च 2021 में पॉल दोबारा संक्रमित हुए। इस बार 13 दिन अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। फेफड़े 25% तक सिकुड़ गए थे, 3 महीने बदन दर्द रहा। उन्हें अभी तक अच्छी नींद नहीं आती।दिसंबर 2021 में पॉल तीसरी बार संक्रमित हो गए। 7 दिन आईसीयू में रहने के बाद 15 दिन सामान्य वार्ड में भर्ती रहे। अब उन्हें सेहत से जुड़ी कई समस्याएं हो गई हैं, जो 2 साल पहले नहीं थीं। अमेरिका में पॉल जैसे लाखों हैं, जो दो या इससे ज्यादा बार संक्रमित हो चुके हैं। संक्रामक रोग विशेषज्ञों ने ऐसे 5 लाख लोगों का सरकारी डेटा खंगाला है। इसके आधार पर तैयार की गई रिपोर्ट बताती है कि व्यक्ति जितनी बार संक्रमित होता है, जान का खतरा उतना ही गुना बढ़ जाता है।