अच्छी बारिश के आसार: 24 घंटे में हुई 64.4 मिमी बारिश

अच्छी बारिश के आसार: 24 घंटे में हुई 64.4 मिमी बारिश

मानसूनी हवा की गति में लगातार तेजी आ रही है। इसका विस्तार भी हो रहा है। यही कारण है कि बीते 24 घंटे के दौरान ट्विनसिटी में 64.4 मिमी बारिश हुई है। इस तरह अभी तक दुर्ग-भिलाई में अभी तक 231.7 मिमी पानी गिर चुका है। सामान्य स्थिति में यहां 1 जून से लेकर अभी तक 293 मिमी बारिश हो जानी थी।

इस तरह अभी भी बारिश की स्थिति सामान्य से 21 फीसदी कम है। हालांकि मौसम में आई हलचल की वजह से अभी बारिश की सिलसिला चल रहा है। इससे आने वाले दिनों में बारिश की कमी की भरपाई हो जाने की उम्मीद है। रविवार को भी ट्विनसिटी में सुबह रुक रुककर रिमझिम फुहारें पड़ीं। दोपहर में काली घटाएं छाई और तेज हवाएं भी चलीं। इस दौरान बारिश के आसार हैं।

रायपुर मौसम विज्ञान विभाग के मौसम वैज्ञानिक हरिप्रसाद चंद्रा ने बताया कि ओडिशा, आंध्र प्रदेश और इसके आसपास के तटीय इलाकों में एक निम्न दाब का क्षेत्र बना है। एक चक्रीय चक्रवाती घेरा 7.6 किमी ऊंचाई तक फैला हुआ है।

एक मानसूनी ट्रफ बीकानेर, सीकरी, शिवपुरी, सतना, झारसुगुड़ा होते हुए ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाके तक फैली है। इसका विस्तार समुद्र तल से 1.5 किमी ऊंचाई तक है। इसके प्रभाव से आने वाले दिनों में अच्छी बारिश के आसार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *