तेलुगुदेशम पार्टी TDP के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री एनटी रामाराव (NTR) की बेटी उमा माहेश्वरी ने सोमवार को सुसाइड कर लिया। वे 52 साल की थीं। उनका शव हैदराबाद के जुबली हिल्स इलाके में उनके घर पर पंखे से लटका मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए ओस्मामनिया हॉस्पिटल भेज दिया है।
खबर मिलते ही आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू और उनके बेटे नारा लोकेश तुरंत उमा के घर पहुंचे। उमा चंद्रबाबू की साली थीं। चंद्रबाबू की शादी NTR की एक अन्य बेटी नारा भुवनेश्वरी से हुई थी।ACP एम सुदर्शन के मुताबिक उमा माहेश्वरी कुछ बीमारियों से जूझ रही थीं। पिछले कुछ महीनों से उनका इलाज चल रहा था। सोमवार को वह अपने बेडरूम में पंखे से लटकी मिलीं। पुलिस को आशंका है कि खराब सेहत के कारण ही वे डिप्रेशन में चली गईं थीं। इसी वजह से उन्होंने सुसाइड किया।
उमा माहेश्वरी का जीवन कष्टकारी रहा, उन्होंने पहले नरेंद्र राजन से शादी की थी। लेकिन उस वक्त उसका किसी और लड़की से अफेयर चल रहा था। इतना ही नहीं वह उमा से मारपीट भी करता था। NTR को जब इस बात का पता चला तो उन्होंने नरेंद्र को चेतावनी भी दी, लेकिन फिर भी उसका व्यवहार नहीं बदला।
इसके बाद NTR ने उमा को नरेंद्र से तलाक दिलवाया और उनकी दूसरी शादी कृष्णा जिले के कंठमनेनी श्रीनिवास प्रसाद से कर दी।