स्पेक्ट्रम से 1.5 लाख करोड़ की कमाई:जियो ने 88 हजार करोड़ से ज्यादा का स्पेक्ट्रम खरीदा

स्पेक्ट्रम से 1.5 लाख करोड़ की कमाई:जियो ने 88 हजार करोड़ से ज्यादा का स्पेक्ट्रम खरीदा

भारत की पहली 5जी स्पेक्ट्रम नीलामी सात दिन बाद सोमवार को खत्म हुई। एयरवेव्स की नीलामी से सरकार को 1,50,173 करोड़ रुपए की कमाई हुई है। अरबपति मुकेश अंबानी का रिलायंस जियो टॉप बिडर रहा। जियो ने 88,078 करोड़ रुपए के 24,740 MHz स्पेक्ट्रम का अधिग्रहण किया। जियो के अलावा भारती एयरटेल, वोडाफोन आइडिया और अडानी डेटा नेटवर्क्स ने भी 5जी स्पेक्ट्रम के लिए बोली लगाई थी।

सुनील मित्तल की भारती एयरटेल ने 43,084 करोड़ रुपए के विभिन्न बैंडों में 19,867 MHz स्पेक्ट्रम लिया और दूसरे स्थान पर रहा। अडाणी ग्रुप के अडाणी डेटा नेटवर्क्स ने 212 करोड़ रुपए का 26 GHz बैंड में 400 MHz स्पेक्ट्रम का अधिग्रहण किया। वहीं वोडाफोन आइडिया ने 18,784 करोड़ रुपए के 2,668 MHz स्पेक्ट्रम का अधिग्रहण किया।

1.50 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा जुटाने के साथ ही सरकार ने स्पेक्ट्रम नीलामी से आय का पिछला रिकॉर्ड पार कर लिया है जो 2015 में बना था। उस समय सरकार ने 4G स्पेक्ट्रम की बिक्री से 1.09 लाख करोड़ रुपए जुटाए थे। इस बार नीलामी में 4.3 लाख करोड़ रुपए के कुल 72 GHz स्पेक्ट्रम को ब्लॉक पर रखा गया है। इसकी वैलिडिटी 20 साल की होगी।यूपी-ईस्ट सर्किल में 1800 MHz स्पेक्ट्रम के लिए काफी लंबी बोली चली। इस स्पेक्ट्रम की प्रति यूनिट कीमत बढ़कर 160.57 करोड़ रुपए हो गई, जो इसके 91 करोड़ रुपए प्रति MHz बेस प्राइस से लगभग 76.5% ज्यादा है। इस सर्कल में 10 करोड़ मोबाइल ग्राहक हैं। एयरवेव्स को लेकर जियो और एयरटेल के बीच तगड़ा कॉम्पिटिशन देखने को मिला। सोमवार को 5जी स्पेक्ट्रम के लिए 38वें दौर की बोली थी।

नीलामी विभिन्न लो फ्रीक्वेंसी बैंड (600 MHz, 700 MHz, 800 MHz, 900 MHz, 1800 MHz, 2100 MHz, 2300 MHz, 2500 MHz), मीडियम (3300 MHz) और हाई फ्रीक्वेंसी बैंड (26GHz) में रेडियो वेव्स के लिए आयोजित की जाएगी। ये बैंड ऑपरेटरों को अपने नेटवर्क कवरेज को मजबूत करने में मदद करेंगे। 10 बैंड में से, 600 MHz, 700 MHz, 3.3 GHz और 26 GHz बैंड कभी आवंटित नहीं किए गए थे।

15 अगस्त तक स्पेक्ट्रम एलॉकेशन प्रोसेस पूरी
टेलीकॉम मिनिस्टर अश्विनी वैष्णव ने पहले दिन की बोली के बाद कहा था, ‘हम 15 अगस्त तक स्पेक्ट्रम एलॉकेशन की प्रोसेस पूरी कर लेंगे ताकि इंडस्ट्री 5G सर्विस शुरू करने के लिए तैयार हो सके। उसके बाद टेलीकॉम कंपनियां सितंबर-अक्टूबर तक उपकरणों को स्थापित करने और सेवा शुरू करने का लक्ष्य लेकर काम करेंगी।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *