पूर्व केंद्रीय मंत्री और JDU के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह जल्द भाजपा में शामिल होंगे। ये ऐलान खुद आरसीपी सिंह ने किया है। इसके साथ ही उन्होंने एक बार फिर नीतीश कुमार पर हमला किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सात जन्म में भी प्रधानमंत्री नहीं बन सकते हैं।
उन्होंने अपने मंत्री बनने के सवाल पर कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार झूठ बोल रहे हैं। नीतीश कुमार की सहमति से ही वह मंत्री बने थे और इसकी पूरी जानकारी वर्तमान के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह को थी। यह सभी लोग झूठे हैं। बता दें कि आरसीपी सिंह आज नालंदा से गोपालगंज जा रहे हैं। वहां थावे मंदिर में दर्शन करेंगे। रास्ते भर में उनका स्वागत किया गया।
जेडीयू में आरसीपी सिंह को लेकर काफी बवाल हुआ था। माना जा रहा है कि बीजेपी और जेडीयू में गठबंधन टूटने के तत्कालीन कारण आरसीपी सिंह ही रहे हैं। गठबंधन टूटने से 2 दिन पहले आरसीपी सिंह को जेडीयू ने शोकॉज नोटिस जारी किया था कि आपने और कुछ संपत्ति बनाई है। उसके बाद मामला बिगड़ता गया और जेडीयू और बीजेपी का गठबंधन टूट गया।जेडीयू के तरफ से आरसीपी सिंह पर यह आरोप लगाया गया था कि वह बिना पूछे केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल हो गए थे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की कोई सहमति नहीं थी। उसका जवाब देते हुए आरसीपी सिंह ने कहा कि सभी झूठ बोल रहे हैं उन्होंने कभी भी बिना पूछे कोई काम नहीं किया है। बीजेपी ने एक ही मंत्री पद के लिए ऑफर दिया था और वह नीतीश कुमार से पूछकर ही केंद्र में मंत्री बने थे।
पूर्व केंद्रीय मंत्री रामचंद्र प्रसाद सिंह ने गुरुवार को यह भी कहा कि बिहार की जनता देख रही है कि कौन लोग क्या बोल रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता तय करेगी कि हमें आगे क्या करना है। इसके लिए अपने समर्थकों से भी बात करेंगे। उन्होंने कहा कि जो सत्ता परिवर्तन हुआ है उसका अंदेशा उत्तर प्रदेश चुनाव के बाद ही लगाया जा रहा था और वे इस निर्णय का शुरू से विरोध कर रहा थे।
उन्होंने कहा की बिहार की जनता ने एनडीए को 2025 तक सरकार चलाने का बहुमत दिया था, लेकिन बीच में दल बदल लेने से जदयू का सेहत प्रभावित हुआ है और मुख्यमंत्री जी की सुचिता भी प्रभावित हुई है। अभी तो 43 जीते हुए विधायक हैं और जिन 72 ने महागठबंधन के खिलाफ चुनाव हार कर अपनी आहुति दी है उन उम्मीदवारों का क्या होगा इस पर भी पार्टी नेतृत्व को सोचना चाहिए।
जानिए कौन हैं आरसीपी सिंह 63 वर्षीय सिंह आरसीपी मूल रूप से नालंदा के रहने वाले हैं, यहीं से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी हैं। दोनों कुर्मी समाज से आते हैं। राजनीति में आने से पहले RCP सिंह उत्तर प्रदेश काडर के IAS अधिकारी रह चुके हैं। बताया जाता है कि 1996 में जब नीतीश कुमार केंद्र में अटल सरकार में मंत्री थे तो उसी दौरान उनकी नजर आरसीपी सिंह पर पड़ी।