लखीमपुर में दोनों दलित बहनों का 24 घंटे बाद गुरुवार शाम 5 बजे अंतिम संस्कार कर दिया गया। इससे पहले परिजन नौकरी और मुआवजे की मांग को लेकर अड़ गए थे। लेकिन प्रशासन के आश्वासन के बाद परिवार वाले मान गए।
इससे पहले परिवार की मौजूदगी में दोनों लड़कियों के शव का पोस्टमार्टम किया गया। यह करीब 3 घंटे चला। 3 डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया। वीडियोग्राफी भी कराई गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गैंगरेप की पुष्टि हुई है। पहले गला दबाकर दोनों बहनों की हत्या की गई, फिर फंदे पर शव लटकाया।दोनों बहनों के शव बुधवार शाम करीब 5 बजे एक पेड़ से लटके मिले थे। एक 7वीं और दूसरी 10वीं की छात्रा थी। उधर मां ने आरोप लगाया कि कुछ लड़के बाइक से बेटियों को अगवा कर ले गए, फिर रेप के बाद मर्डर कर दिया। उधर, पुलिस ने सभी 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
SP संजीव सुमन बोले, “परिवार से लिखित शिकायत ली गई है। परिवार ने छोटू के खिलाफ नामजद शिकायत की। ये पीड़ित के गांव के पड़ोस में रहने वाला है। 3 अज्ञात लोगों का नाम दिया। जांच के बाद 3 नाम सामने आए। ये तीनों लोग जुनैद, सुहैल और हफीजुर्रहमान हैं।
इन लोगों के बीच दोस्ती थी। सुहैल, जुनैद और हफीजुर्रहमान को रात में गिरफ्तार किया गया था। जुनैद को पैर में गोली लगी है। छोटू ने 3 युवकों सुहैल, हफीजुर्रहमान और जुनैद से लड़कियों का परिचय कराया था।