छत्तीसगढ़ पहुंचे कांग्रेस प्रभारी पुनिया:

छत्तीसगढ़ पहुंचे कांग्रेस प्रभारी पुनिया:

कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया छत्तीसगढ़ पहुंच गए हैं। वे रविवार से उन विधानसभा क्षेत्रों का दौरा शुरू करेंगे जहां से कांग्रेस पिछला चुनाव हार गई थी। उनके साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम और कुछ वरिष्ठ नेता भी रहेंगे। इस दौरे में फिलहाल ऐसी पांच सीटों पर कांग्रेस का फोकस है। पुनिया ने दावा किया है कि 2023 के चुनाव में कांग्रेस की स्थिति पहले से बेहतर होगी। उन्होंने कहा, छत्तीसगढ़ में अगली सरकार कांग्रेस पार्टी की ही होगी।

रायपुर हवाई अड्‌डे पर प्रेस से बात करते हुए पीएल पुनिया ने कहा, 2023 की अगली सरकार कांग्रेस पार्टी की ही होगी। पिछली बार से इस बार बेहतर होगा। इस दौरे में कार्यकर्ताओं से बात करनी है। विशेष रूप से जो बूथ स्तर के, मंडल स्तर के पदाधिकारी हैं उनसे जायजा लिया जाएगा कि क्या स्थिति है, वे क्या चाहते हैं, उनकी क्या मंशा है। एक यह भी है और जब क्षेत्र में दौरा होता है तो उत्साह का वातावरण भी बनता है। यह राजनीतिक दृष्टि से अच्छा होता है। पुनिया ने दौरे में केवल हारी हुई सीटों के होने की किसी रणनीतिक वजह से इनकार किया। उन्होंने कहा, ऐसा नहीं है कि यह दौरा केवल हारी हुई सीटों पर है। सामान्य सीटें भी इसमें शामिल है। उस रूट पर जो भी विधानसभा क्षेत्र है उसमें बातचीत होगी।

प्रदेश कांग्रेस ने पुनिया के दौरे का जो कार्यक्रम जारी किया है, उसमें बताया गया है, 18 सितम्बर को पुनिया भाटापारा में बैठक करेंगे। वहां से उनको बलौदाबाजार में वरिष्ठ नेताओं एवं पदाधिकारियों के साथ बैठक करने जाना है। 19 सितम्बर को वे जैजैपुर और जांजगीर-चांपा में पदाधिकारियों की बैठक करेंगे। 20 सितम्बर को बिलासपुर और मुंगेली में पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। उसके बाद से रायपुर लौट आएंगे। इस दौरे में वे गिरौदपुरी और शिवरीनारायण में मंदिर दर्शन-पूजन करने भी जाएंगे। यह 19 सितम्बर को होना है। 21 सितम्बर की सुबह नियमित विमान से पुनिया दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *