‘जल्दबाजी में नहीं लेंगे शराबबंदी का फैसला’:CM भूपेश बोले-हम अपने वादे से पीछे नहीं हट रहे

‘जल्दबाजी में नहीं लेंगे शराबबंदी का फैसला’:CM भूपेश बोले-हम अपने वादे से पीछे नहीं हट रहे

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल नवरात्रि के पहले दिन राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ पहुंचे। उन्होंने माता बम्लेश्वरी के दरबार में माथा टेका और प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान उन्होंने कहा कि उन्होंने शराब बंदी का वादा किया है। उससे पीछे नहीं हट रहे हैं। इसको लेकर जल्दबाजी में फैसला लेना ठीक नहीं है। इसे जन जागरूकता के माध्यम से लागू किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री डॉक्टर रमन सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा कांग्रेस के वादे को न देखे। अपने वादों का हिसाब दे। 15 साल सत्ता में रहे, लेकिन अपना वादा पूरा नहीं किया। पहले भाजपा उसका हिसाब तो दे दे। उन्होंने कहा कि डॉ. रमन सिंह ने अपने विधायक दल की बैठक में कहा था कि चाहे सरकार भले ही चली जाए, लेकिन शराब बंदी करके रहूंगा।

सीएम ने कहा रमन सिंह ये बताएं कि उन्होंने शराब बंदी क्यों नहीं की। हर घर में नौकरी देने की बात कही थी, क्यों नहीं दी। 2100 रुपए क्विंटल धान खरीदी करने का वादा किया, क्यों नहीं पूरा किया। 15 साल उनको मौका मिला। वो ये सब वादे करके निकल गए, पहले उसका हिसाब कर लें।मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा शासन में डॉ. रमन सिंह चिटफंड कंपनियों में ब्रांड एंबेसडर बन गए थे। उन्होंने लाखों लोगों का करोड़ों रुपए जमा कराया। रमन सिंह ने किस बिनाह पर वह पैसा जमा करवाया। फिर 15 साल सत्ता में रहे तो क्यों पैसा वापस नहीं कराया। कार्रवाई क्यों नहीं की। उसका हिसाब दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *