कांग्रेस ने ब्लॉकों में शुरू की भारत जोड़ो यात्रा:

कांग्रेस ने ब्लॉकों में शुरू की भारत जोड़ो यात्रा:

कांग्रेस ने रविवार से छत्तीसगढ़ में भी भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत कर दी है। यह एक साथ प्रदेश के सभी 307 ब्लॉकों से शुरू हुई है। रायपुर में कांग्रेस नेता प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन से शहीद भगत सिंह चौक तक पदयात्रा करते हुए पहुंचे। बताया गया, राहुल गांधी की पदयात्रा जब तक श्रीनगर नहीं पहुंच जाती तब तक प्रदेश में भी यात्राओं का क्रम चलता रहेगा। यह यात्रा बूथों तक जाएगी।

यात्रा के पूर्व राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को माल्यार्पण किया गया। हाथों में तिरंगा लिए भारत माता की जयकारों के साथ लोग इस यात्रा में शामिल हुए,स्कूली छात्र-छात्राएं भी बड़ी संख्या में इस यात्रा में शामिल थे। चौक पहुंचकर नेताओं ने भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। यात्रा के समापन पर राहगीरों को फल भी वितरित किया गया। प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री अमरजीत चावला ने कहा, भाजपा की विचारधारा एवं उनकी सरकार की नीतियां भारत को तोड़ने का काम कर रही है। भारत में आर्थिक असमानता, सामाजिक ध्रुवीकरण बढ़ रहा है इसलिए कांग्रेस यह यात्रा कर रही है।

कांग्रेस के शहर जिला अध्यक्ष गिरीश दुबे ने कहा, कन्याकुमारी से कश्मीर तक जैसे-जैसे यह यात्रा बढ़ती जा रही है कांग्रेस पार्टी के हर एक कार्यकर्ताओं का उत्साह और मनोबल भी बढ़ता जा रहा है। भाजपा इस यात्रा से घबरा गई है इसलिए कभी कंटेनर पर तो कभी राहुल गांधी के टी-शर्ट पर सवाल उठा रही है। यात्रा में विधायक सत्यनारायण शर्मा, कुलदीप जुनेजा, प्रदेश कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल, रवि घोष, सुशील आंनद शुक्ला, कन्हैया अग्रवाल, संजय पाठक, राजेश चौबे आदि शामिल थे। प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम अपने विधानसभा क्षेत्र कोण्डागांव में ऐसी ही पदयात्रा में शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *