तीन साल बाद पूरे उत्साह के साथ दशहरे का पर्व मनाया जाएगा। पर्व को लेकर समितियों ने व्यापक तैयारी की है। शहर में पांच जगह पर बड़े स्तर पर रावण दहन का कार्यक्रम होगा। वहीं दशहरे की रात सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी। रावण दहन और सांस्कृतिक आयोजनों को देखने बड़ी संख्या में शहर से लेकर ग्रामीण इलाके से लोग पहुंचते हैं। शाम को पुलिस ने पार्किंग को लेकर स्थल तय किए हैं। वहीं भारी वाहनों पर शाम चार बजे से प्रतिबंध लगा दिया जाएगा।
मुख्य आयोजन स्थल पर पहुंचने वाले लोगों के लिए समितियों ने ही पार्किंग की जगह तय की है। अब तक यह जिम्मेदारी पुलिस निभाती थी। लेकिन इस बार आयोजन समितियां ही लोगों को पार्किंग स्थल से लेकर रुट की जानकारी दे रही है। शहर में स्टेट स्कूल मैदान, म्युनिसिपल स्कूल मैदान, कमला कॉलेज मैदान, गौरी नगर और लखोली में रावण दहन का आयोजन होगा। इस बार कोरोना को लेकर प्रतिबंध भी नहीं है। आज बड़ी गाड़ियों का डायवर्सन सीआईटी बायपास, ट्रांसपोर्ट नगर, गठुला एवं बसंतपुर तिराहा से डायवर्सन की व्यवस्था एवं फ्लाई ओवर भाजपा कार्यालय व 18 एकड़ फ्लाईओवर से वाहनों का प्रवेश शाम 4 बजे से रावण दहन तक प्रतिबंधित रहेगा।म्युनिसिपल स्कूल मैदान, स्टेट स्कूल मैदान एवं कमला कॉलेज मैदान में शहर के मध्य में रावण दहन का कार्यक्रम है। म्युनिसिपल स्कूल कार्यक्रम के लिए म्यूनिसिपल स्कूल के सामने फ्लाई ओवर के नीचे, इमाम चौक के पास फ्लाई ओवर के नीचे, गुरूनानक चौक के पास फ्लाई ओवर के नीचे एवं गुरुद्वारा के पास, पुराना अस्पताल, बूढ़ा तालाब के पास, शीतला मंदिर नया मार्ग के किनारे-किनारे किया जाएगा। स्टेट स्कूल कार्यक्रम के लिए दिग्विजय क्लब मैदान, सबेरा संकेत कार्यालय के तरफ से तहसील कार्यालय में बॉलीवाल मैदान के तरफ, लॉ कॉलेज मैदान में किया जाना है।