भारत-पाकिस्तान सीमा पर बीते एक सप्ताह से ड्रोन की मूवमेंट रोजाना हो रही है। बुधवार-गुरुवार की रात दो बार BSF के जवानों ने ड्रोन की मूवमेंट सुनी। जिसके बाद जवानों ने फायरिंग भी शुरू की और रोशनी बम भी फोड़े। सुरक्षा के लिए BSF और पंजाब पुलिस की तरफ से सर्च अभियान भी चलाया गया। वहीं दूसरी तरफ BSF को रत्न खुर्द में 2 बोतलें हेरोइन रिकवर हुई हैं।
बुधवार-गुरुवार की रात यह मूवमेंट अमृतसर के रमदास के अंतर्गत आती BOP चन्ना में हुई। BSF की दो टुकड़ियां गश्त पर थी। रात तकरीबन 12.45 बजे BOP चन्ना से 400 मीटर दूर ड्रोन की आवाज सुनाई दी। सतर्कता के लिए BSF के जवानों ने 38 राउंड फायर किए। ड्रोन की मूवमेंट को देखने के लिए 5 रोशनी बम दागे गए। इसके बाद ड्रोन की आवाज भारतीय सीमा में दूर चली गई।
करीब 5 मिनट के बाद ड्रोन की आवाज फिर से सुनाई दी। जवान आवाज सुनने के बाद सतर्क हो गए। इस दौरान तकरीबन 13 राउंड फायर किए गए। इसके बाद ड्रोन पाकिस्तानी सीमा की तरफ चला गया।BSF की तरफ से एरिया में सर्च अभियान चलाया गया। लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है। BSF अधिकारियों ने ड्रोन मूवमेंट की जानकरी पुलिस को दी। इतना ही नहीं, ड्रोन मूवमेंट जांचने के लिए सुरक्षा के लिए लगे रडारों से भी जांच की गई, लेकिन ड्रोन की मूवमेंट का पता नहीं चल पाया।वहीं दूसरी तरफ BSF ने अमृतसर के अंतर्गत आते रत्न खुर्द एरिया में दो हरे रंग की कोल्ड ड्रिंक की बोतलें मिली हैं। बोतलों में हेरोइन को भरा हुआ था। BSF ने हेरोइन को रिकवर करके उसका भार किया तो वे 940 ग्राम आया। जिसकी इंटरनेशनल वेल्यू तकरीबन 7 करोड़ रुपए आंकी गई है।