रूस ने यूक्रेन के जापोरिजिया में एक बार फिर मिसाइलें दागी हैं। द कीव पोस्ट के मुताबिक, रूस ने रविवार सुबह करीब 4:30 बजे जापोरिजिया में 10 मिसाइलें दागी। रिहायशी इलाके पर हुए इस हमले में 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि 49 लोग घायल हुए हैं। मरने वालों में 6 बच्चे भी शामिल हैं। जापोरिजिया के मिलिट्री चीफ ऑलेक्जेंडर स्टारुख ने इसकी जानकारी दी है।
हमले के वक्त लोग सो रहे थे। अचानक उनके घरों से मिसाइलें टकराईं। हमले में एक अपार्टमेंट समेत 5 बिल्डिंग्स को नुकसान पहुंचा है। 24 कार भी जल गईं। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।रूस को क्रीमिया से जोड़ने वाला कर्च रेलवे ब्रिज शनिवार को धमाके के बाद तबाह हो गया था। इसके बाद रूस ने वहां सिक्योरिटी टाइट कर दी है। जापोरिजिया क्रीमिया से सिर्फ 200 किमी दूर है। ब्रिज के गिरने के कुछ ही घंटे बाद ही रूस ने यूक्रेन के जापोरिजिया में हमला किया।