टीम इंडिया ने तीन वनडे मैचों की सीरीज के दूसरे मुकाबले में साउथ अफ्रीका को 7 विकेट से हरा दिया। रांची में मिली इस जीत के साथ भारत ने सीरीज में 1-1 से बराबरी हासिल कर ली है। साउथ अफ्रीका के कप्तान केशव महाराज ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था और उनकी टीम ने 50 ओवर में 7 विकेट खोकर 278 रन बनाए। सबसे ज्यादा रन एडेन मार्करम के बल्ले से निकले। उन्होंने 89 बॉल में 79 रन की पारी खेली। वहीं, रीजा हेन्ड्रिक्स ने 76 बॉल में 74 रन बनाए।
साउथ अफ्रीका के लिए आखिरी ओवरों में एक बार फिर डेविड मिलर ने अच्छी बल्लेबाजी की और 35 रन बनाए। भारत के लिए सबसे ज्यादा 3 विकेट मोहम्मद सिराज ने लिए। वहीं, वाशिंगटन सुंदर, शाहबाज अहमद, कुलदीप यादव और शार्दूल ठाकुर को 1-1 विकेट मिला।
जवाब में श्रेयस अय्यर और ईशान किशन की शानदार पारियों के दम पर टीम इंडिया को जीत मिली। अय्यर ने अपने वनडे करियर का दूसरा शतक जड़ा। उन्होंने 111 बॉल का सामना किया और 113 रन की पारी खेली। वहीं, ईशान ने मैच में 93 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 7 छक्के निकले। दोनों के बीच 161 रनों की साझेदारी हुई। संजू सैमसन ने भी 30 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली।
भारतः शिखर धवन (कप्तान), शुभमन गिल, वाशिंगटन सुंदर, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर, संजू सैमसन, शार्दूल ठाकुर, शाहबाज अहमद, आवेश खान, कुलदीप यादव और मोहम्मद सिराज।
साउथ अफ्रीकाः क्विंटन डिकॉक, यानेमन मलान, रीजा हेन्ड्रिक्स, एडेन मार्करम, हेनरिक क्लासेन, डेविड मिलर, वेन पर्नेल, केशव महाराज, कगिसो रबाडा,ब्योर्न फोर्टुइन, लुंगी एनगिडी।