प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मिले तोहफों की नीलामी का आज आखिरी दिन है। यह नीलामी ऑनलाइन हो रही है। इसके लिए बनाई गई वेबसाइट pmmementos.gov.in पर सुबह 11 बजे से शाम 6 बजे तक इन तोहफों के लिए बोली लगाई जा सकती है। इस साल प्रधानमंत्री को देश-विदेश से मिले 1200 गिफ्ट और स्मृति चिन्हों की ई-नीलामी हो रही है।
प्रधानमंत्री कार्यालय यानी PMO ने इन तोहफों की बेस प्राइस तय कर दी है। अलग-अलग आइटम्स के लिए यह कीमत 100 रुपए से लेकर 50 लाख रुपए तक है। नीलामी से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल नमामि गंगे परियोजना के लिए किया जाएगा। 2018 में इसी तरह की नीलामी से मिले फंड का इस्तेमाल स्वच्छता मिशन के लिए किया गया था।इस साल अयोध्या में बनने वाले श्रीराम मंदिर और वाराणसी में नए विकसित हुए काशी-विश्वनाथ कॉरीडोर स्पेशल अट्रैक्शन हैं। इनके अलावा शटलर के श्रीकांत के ऑटोग्राफ वाला रैकेट और कुश्ती, हॉकी, लॉन बॉलिंग और पैरा-पावरलिफ्टिंग टीमों के ऑटोग्राफ वाली स्पोर्ट्स जर्सी कलेक्शन में शामिल हैं। इस साल लिस्टेड गिफ्ट्स में कोरोना महामारी और वैक्सीनेशन को दिखाने वाली मधुबनी पेंटिंग और चेन्नई शतरंज ओलंपियाड में PM को दिया गया शतरंज सेट शामिल है।