छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का भेट-मुलाकात कार्यक्रम लगातार जारी है। बुधवार को जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ पहुंचकर कई विकास कार्यों की सौगात दी। मुलमुला पहुंचकर सबसे पहले उन्होंने जैतखाम की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के लिए सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद कोनारगढ़ में भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के दौरान आम लोगों का हाल जाना, और जनता के हित में कई घोषणाएं की है।
सीएम भूपेश बघेल ने ग्राम कोनारगढ़ में सीसी रोड के निर्माण, तालाब के गहरीकरण, शहीद रूद्र प्रताप सिंह की प्रतिमा स्थापित करने की भी घोषणा की। उन्होंने मुलमुला में शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला भवन का निर्माण, पामगढ़ में सामुदायिक भवन, ग्राम कोसा में शासकीय प्राथमिक शाला भवन और ग्राम कोसा के सतनामी पारा में सामुदायिक भवन के निर्माण की घोषणा की। सीएम भूपेश बघेल ने ग्राम मेहंदी हरदीपारा में नवीन प्राथमिक शाला और ग्राम भैंसो में हिंदी माध्यम के आत्मानंद स्कूल को खोलने का ऐलान किया।मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कोनारगढ़ के उप स्वास्थ्य केंद्र भी पहुंचे। यहां उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी से ओपीडी, आईपीडी और उपलब्ध सभी स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने यहां इलाज कराने आए लोगों से भी बातचीत की। प्रभारी सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी घनश्याम प्रसाद ने मुख्यमंत्री को बताया कि इस स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना 2012-2013 में हुई थी। अस्पताल में 3 कर्मचारी कार्यरत हैं। 2 बिस्तर वाले उप स्वास्थ्य केंद्र में 12 तरह की स्वास्थ्य सुविधाएं, 41 तरह की दवाईयां और 7 तरह की मेडिकल जांच की सुविधा है।