महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में एक बार फिर तीन जगहों पर ब्लास्ट की धमकी मिली है। दरअसल, मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम में एक धमकी भरा फोन आया, जिसमें अंधेरी के इनफिनिटी मॉल, PVR मॉल जुहू और सांताक्रुज स्थित सहारा के फाइव स्टार होटल को बम से उड़ाने की बात कही गई है। यह फोन आने के बाद से ही मुंबई पुलिस अलर्ट हो गई। पुलिस टीमों ने 3 जगहों पर छापेमारी अभियान शुरू कर दिया। जहां विस्फोट करने की बात कही गई है, उन स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। टीम यहां हर संदिग्ध पर नजर बनाए हुए है। हालांकि पुलिस को अभी तक कुछ भी संदिग्ध चीज या कोई व्यक्ति नहीं मिला है। त्योहारों के सीजन के चलते मॉल और होटल में काफी भीड़ है। इसके चलते पुलिस टीम को इस दौरान काफी परेशानी भी हो रही है।मुंबई पुलिस ने बताया कि उन्हें मंगलवार रात करीब 10:30 बजे हेल्पलाइन नंबर किसी शख्स का फोन आया था। उस शख्स ने मुंबई में तीन जगहों पर धमाके करनी की चेतावनी दी। पुलिस धमकी देने वाले शख्स की पहचान करने में जुटी है।