यूनाइटेड नेशंस (UN) के जनरल सेक्रेटरी एंटोनियो गुटेरेस अपनी तीन दिवसीय भारत यात्रा के पहले दिन बुधवार को मुंबई के ताज होटल पहुंचे। यहां उन्होंने 26/11 के आतंकी हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे और डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस भी मौजूद रहे।
गुटेरेस ने इस मौके पर रूस-यूक्रेन के बीच चल रही जंग पर भी बात की। उन्होंने कहा- मैं चाह कर भी दोनों देशों के बीच चल रहे युद्ध को नहीं रोक सकता, ये हमारी शक्ति से बाहर है। मैं अमेरिका, रूस, यूक्रेन, यूरोप और अन्य देशों की सहायता से ये प्रयास कर सकता हूं कि दोनों देशों के बीच समझौता कराया जा सके।
गुटेरेस ने कहा- आतंकवाद एक बुराई है, जिसे कोई भी कारण या बहाना सही नहीं ठहरा सकता। 26/11 का हमला दुनिया की सबसे बर्बर आतंकी घटनाओं में से एक है। हादसे में जान गंवाने वाले 166 लोगों को मैं ट्रिब्यूट देना चाहता हूं, वे सभी पूरी दुनिया के लिए हीरो हैं। उनके परिवार, दोस्तों और जानने वालों के साथ मेरी सहानुभूति है।
गुटेरेस ने 26/11 हमले में बचने वाली देविका से भी मुलाकात की। देविका छत्रपति शिवाजी एयरपोर्ट पर आतंकियों की गोली से घायल हो गई थीं। उन्होंने कोर्ट में आतंकी अजमल कसाब की पहचान की थी। उनकी गवाही के आधार पर ही कसाब को सजा सुनाई गई थी।