23 अक्टूबर को तमिलनाडु के कोयंबटूर में कार ब्लास्ट में मारा गया उक्कड़म का जेमिशा मुबीन दक्षिण भारत में 5 जगह ब्लास्ट करने वाला था। वह रविवार सुबह कार में लगे सिलेंडर में विस्फोट होने से मारा गया था। पुलिस को तलाशी के दौरान उसके घर से 75 किलोग्राम विस्फोटक मिला है। CCTV फुटेज की मदद से पकड़े गए मुबीन के 5 साथियों को भी UAPA के तहत 15 दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया है।
पकड़े गए लोगों के नाम मोहम्मद थलका, मोहम्मद असरुद्दीन, मोहम्मद रियाज, फिरोज इस्माइल और मोहम्मद नवाज हैं। उधर ब्लास्ट के दूसरे दिन तमिलनाडु के CM एमके स्टालिन ने भी मामले की जांच NIA से करवाने की सिफारिश की। हालांकि, इससे पहले ही NIA टीम कोयंबटूर पहुंच चुकी थी।
CCTV फुटेज के मुताबिक IS से जुड़े के तीन संदिग्धों रियाज, फिरोज और नवाज को मुबीन की कार में 2 सिलेंडर और 3 ड्रम रखते हुए देखा गया था। इन्होंने शनिवार रात करीब 11.30 बजे कार में विस्फोटक रखे थे। चौथे संदिग्ध मोहम्मद थलका ने मुबीन और उसके एक रिश्तेदार को कार दी थी। ये सभी कोयंबटूर के उक्कड़म के पास जीएम नगर के रहने वाले थे।
तलाशी के दौरान मुबीन के घर से 75 किलो पोटेशियम नाइट्रेट, चारकोल और एल्युमीनियम पाउडर भी बरामद हुआ था। इसके अलावा एक कागज का टुकड़ा मिला था, जिसमें कोयंबटूर की 5 जगहों पुलिस कमिश्नरेट, कलेक्ट्रेट, विक्टोरिया हॉल, कोयंबटूर रेलवे स्टेशन और रेस कोर्स के नाम लिखे थे।