एपल यूजर्स के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। अब कंपनी अपने प्रोडक्ट्स में USB टाइप-C चार्जिंग पोर्ट देने के लिए तैयार हो गई है। इस बात की जानकारी एपल के मार्केटिंग चीफ ग्रेग जोस्विक ने दी है। यूरोपियन यूनियन (EU) के यूनिवर्सल चार्जर नियम को लागू करने के बाद ही एपल अपने डिवाइसेस में सिंगल चार्जिंग पोर्ट ऐड करने के लिए तैयार हुआ है।दरअसल, यूरोपियन यूनियन (EU) पार्लियामेंट ने 3 हफ्ते पहले यूनिवर्सल चार्जर नियम लागू किया था। EU ने इस नियम के तहत 2024 तक सभी इलेक्ट्रॉनिक कंपनियों को मोबाइल फोन, टैबलेट और लैपटॉप समेत सभी डिवाइसेस के लिए सिंगल चार्जिंग पोर्ट ऐड करने का निर्देश दिया था। मतलब सभी कंपनियों को मोबाइल फोन में भी टाइप-C चार्जिंग पोर्ट ही देना होगा। रिपोर्ट के अनुसार, यूरोपीय लोग सिर्फ चार्जर खरीदने पर हर साल अरबों यूरो खर्च कर रहे थे।ग्रेग जोस्विक से कैलिफोर्निया में वॉल स्ट्रीट जर्नल कॉन्फ्रेंस में सवाल पूछा गया कि EU के यूनिवर्सल चार्जर नियम के तहत एपल अपने आईफोन के लाइटनिंग चार्जर को USB टाइप-C चार्जिंग पोर्ट से चेंज करेगा? इस पर जोस्विक ने कहा, ‘जाहिर है, हमें EU के नियम का पालन करना ही होगा। इसके अलावा हमारे पास कोई ऑप्शन नहीं है।’ ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि आईफोन 15 और 16 सीरीज को टाईप-सी चार्जिंग पोर्ट के साथ ही पेश किया जाएगा।