छत्तीसगढ़ में आज से धान खरीदी शुरू:

छत्तीसगढ़ में आज से धान खरीदी शुरू:

छत्तीसगढ़ में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान की सरकारी खरीदी मंगलवार से शुरू हो गई। इसकी औपचारिक शुरुआत के लिए खाद्यमंत्री अमरजीत भगत खुद रायपुर जिले के मंदिर हसौद सहकारी समिति स्थित खरीदी केंद्र पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने विधि-विधान से मां अन्नपूर्णा की अराधना की। उसके बाद उन्होंने केंद्र पर आये किसान का धान तौलकर खरीदी महाभियान का शुभारंभ किया।

खाद्य मंत्री ने कहा, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में राज्य सरकार की किसान हितैषी योजनाओं से प्रदेश में खेती-किसानी में नये उत्साह का संचार हुआ है। खेतों से दूर हो रहे किसान खेतों की ओर लौटे हैं और खेती का रकबा भी बढ़ा है। उन्होंने कहा, किसानों से सुगमतापूर्वक धान खरीदी के लिए राज्य सरकार ने सभी आवश्यक तैयारियां एवं व्यवस्थाएं कर ली हैं। किसानों को धान बेचने में किसी भी तरह की दिक्कत न आए, इसको लेकर सभी केन्द्रों में बेहतर प्रबंध किए जाने के साथ ही व्यवस्था पर मॉनिटरिंग के लिए अधिकारियों-कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगाई गई है। धान खरीदी हेतु बारदाने की व्यवस्था कर ली गई है। धान खरीदी के लिए सभी समितियों में पर्याप्त बारदाने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। खाद्य मंत्री अमरजीत भगत का कहना था, धान की कस्टम मिलिंग के लिए मिलर्स का पंजीयन किया जा रहा है। राज्य में अवैध धान की आवक रोकने तथा संवेदनशील उपार्जन केन्द्रों पर निगरानी के लिए नोडल अधिकारी तैनात किए गए हैं। सीमावर्ती सोसायटियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। अन्य राज्यों से छत्तीसगढ़ में धान का अवैध परिवहन न हो, इसकी रोकथाम के लिए चेकपोस्ट भी बनाए गए हैं, जहां अधिकारियों की टीम माल वाहकों पर कड़ी निगरानी रखेगी। धान खरीदी की शुरुआत के मौके पर मार्कफेड के एमडी मनोज सोनी, मंदिर हसौद समिति के अध्यक्ष प्रताप सिंह ध्रुव, नगर पंचायत मंदिर हसौद के अध्यक्ष ओम प्रकाश यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *