छत्तीसगढ़ के रेल यात्रियों की मुसीबतें कम होने के बजाए बढ़ती ही जा रही है। एक सप्ताह पहले कैंसिल 44 ट्रेनें अभी शुरू भी नहीं हुई है कि रेलवे ने फिर से 20 ट्रेनों को 11 से 17 नवंबर तक रद्द कर दिया है। वहीं, 9 गाड़ियां परिवर्तित मार्ग से चलाई जाएगी। ट्रेनों को कैंसिल करने का कारण विकास कार्य को बताया गया है। इस बार बिलासपुर मंडल के जयरामनगर और लटिया स्टेशन में चौथी लाइन कनेक्टिविटी और नॉन इंटरलॉकिंग के काम की वजह से ट्रेनों को कैंसिल करने की जानकारी दी गई है। रेलवे का दावा है कि, इस काम के पूरा होते ही गाड़ियों की समयबद्धता व परिचालन में गतिशीलता आएगी।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने फेस्टिव सीजन में यात्रियों को थोड़ी राहत दी थी। अफसरों ने दावा किया था कि कोरोना काल के बाद बंद की गई अधिकांश गाड़ियां शुरू हो गई है। लेकिन, यात्रियों को यह सुविधा सिर्फ दशहरा, दिवाली और छठ पर्व तक ही दी गई। इसके बाद अब फिर से ट्रेनों को रद्द कर यात्रियों को परेशान किया जा रहा है। रेलवे प्रशासन ने कहा है कि, अधोसंरचना विकास के सभी कार्यों को शीघ्र पूरा करने की कोशिश की जा रही है। इसी कड़ी में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल के चांपा खंड के जयरामनगर व लटिया स्टेशन में 11 से 16 नवंबर तक चौथी लाइन कनेक्टिविटी के लिए नॉन इंटरलॉकिंग का काम होगा।