देश में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदलने लगा है। उत्तर भारत में ठंड ने दस्तक दे दी है, पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी शुरू हो गई है। तो वहीं दक्षिण के राज्यों में बारिश ने हाल बूरा कर रखा है। तमिलनाडु के कई शहर पानी में डूबे हैं। मौसम विभाग ने यहां के कई जिलों में आज भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है यानी राज्य में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। जिसके चलते चेन्नई समेत राज्य के 26 जिलों में अगले दो दिन तक स्कूल-कॉलेज बंद रखने के आदेश दिए गए हैं।मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी के ऊपर लो प्रेशर का क्षेत्र बन रहा है। जिसके चलते विभाग ने दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी, दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत और पूर्वोत्तर श्रीलंका के आसपास के क्षेत्रों को चिंन्हित किया है। इन क्षेत्रों में 12 से 13 नवंबर के बीच भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक आज और कल तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।