जनपद में शनिवार को गोधन न्याय योजना के तहत प्रशिक्षण हुआ। जहां गुरुर विकासखंड के गौठानों में कार्यरत स्व-सहायता समूह की महिलाओं को प्रशिक्षण दिया गया। गांव के गौठानों में पहले पंचायत के माध्यम से गोबर खरीदी किया जा रहा था। लेकिन अब गोबर खरीदी के लिए महिला समूह को जिम्मेदारी दी जाएगी। गौठानों में गोबर खरीदी के संबंध में महिला समूह ही ऑनलाइन एंट्री करेगी, जिसके लिए एप तैयार किया गया है।
प्रशिक्षण में महिलाओं को स्मार्ट फोन में गोधन न्याय योजना एप को डाउनलोड करने, रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से आईडी तथा पासवर्ड बनाने के बारे में जानकारी दी। प्रशिक्षण में विधायक संगीता सिन्हा ने बिहान योजना से जुड़ी महिलाओं का उत्साहवर्धन किया। विधायक ने कहा कि ग्रामीण महिलाएं अब घरेलू कार्य के साथ आर्थिक गतिविधियों में भी तेजी से अपनी सहभागिता बढ़ा रही हैं, गोधन न्याय योजना के अंतर्गत गौठानों में संचालित आय मूलक गतिविधियों में ग्रामीण महिलाएं आर्थिक सहयोगी की भूमिका निभा रही हैं।